Home Sliderखबरेदेशनई दिल्ली

पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी महागठबंधन में शामिल

पटना, 28 फरवरी (हि.स.): बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने बुधवार को कहा कि एनडीए के घटक हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के अध्यक्ष जीतन राम मांझी महागठबंधन में शामिल हो गए | हालाँकि मांझी की ओर से इसकी औपचारिक घोषणा नहीं की गयी है, मगर कहा जा रहा है कि अपने अनेक समर्थकों के साथ वे विधिवत राजद महागठबंधन में शामिल होने के बाद संवाददाता सम्मेलन करके आधिकारिक रूप से महागठबंधन में जाने की घोषणा करेंगे |

राजद विधायकों के साथ जीतन राम मांझी से उनके आवास पर मुलाकात करने के बाद तेजस्वी यादव ने पत्रकारों को यहां कहा कि एनडीए में नाराज चल रहे जीतन राम मांझी महागठबंधन में जल्द ही अपने समर्थकों के साथ शामिल होंगे। उन्होंने दावा किया कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने महागठबंधन का दामन थाम लिया है। तेजस्वी यादव से मुलाकात के बाद जीतनराम मांझी ने भी पत्रकारों के सामने महागठबंधन में जाने की घोषणा की।

इस बीच राष्ट्रीय जनता दल के विधायक भोला यादव ने कहा कि बुधवार की शाम अथवा गुरुवार की सुबह तक इस संबंध में औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी ।

तेजस्वी यादव ने संवाददाताओं के साथ बातचीत करते हुए कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में मनुवादी संस्कृति हावी है और सामाजिक न्याय से सरोकार रखने वाले नेता एनडीए से एक-एक कर किनारा कर रहे हैं। वैसे नेताओं का मोह भंग हो रहा है और वह धीरे-धीरे कर वहां से हटते जा रहे हैं।

खुद को जीतन राम मांझी के बेटे के समान बताते हुए तेजस्वी ने कहा कि जीतन राम मांझी ने गरीबों के हित में काम किया है। मांझी से मेरे माँ-पिता का अपनत्व रहा है |

उल्लेखनीय है कि जीतन राम मांझी राज्यसभा सीट तथा अन्य मुद्दों को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में पिछले कुछ दिनों से राज्यसभा की जहानाबाद सीट को लेकर असंतुष्ट चल रहे थे। उनकी नाराजगी को देखते हुए राष्ट्रीय जनता दल के विधायक और पार्टी के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के करीबी माने जाने वाले भोला यादव ने मंगलवार को जीतन राम मांझी को एनडीए छोड़ कर महागठबंधन में शामिल होने का प्रस्ताव दिया था।

इस बीच राम मांझी की पार्टी हम से मिल रही सूचनाओं के अनुसार श्रीमान जी ने राजद के समक्ष राज्यसभा की एक सीट और विधान परिषद की दो सीटें उनकी पार्टी को दिए जाने का प्रस्ताव रखा है। राष्ट्रीय जनता दल में जीतन राम मांझी के इस प्रस्ताव पर मंथन जारी है।

जीतन राम मांझी से आधे घंटे तक बंद कमरे में चली मुलाकात के बाद तेजस्वी यादव ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के अंदर नाराजगी है। उन्होंने कहा कि गठबंधन के घटक राष्ट्रीय लोक समता पार्टी भी शिक्षा व्यवस्था को लेकर गठबंधन के अंदर नाराज चल रही है। केंद्रीय मंत्री तथा रालोसपा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि गठबंधन की सरकार में रहते हुए रालोसपा को अपने मुद्दों को उठाना पड़ रहा है।

रालोसपा के महागठबंधन में शामिल होने की संभावनाओं के बारे में पूछे जाने पर तेजस्वी यादव ने कहा कि यह फैसला रालोसपा को लेना है।
इस बीच बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और राजद नेता राबड़ी देवी ने कहा कि जीतन राम मांझी एनडीए में घुटन महसूस कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पुराने समाजवादी और दलित नेताओं को राजग में कोई मान सम्मान नहीं मिल रहा है। राबड़ी देवी ने कहा कि गरीबों-दलितों व अकलियतों के मसीहा केवल लालू यादव ही हैं और राजद में ही इन सभी वर्गों को सम्मान मिलता है। राज्यसभा और विधान परिषद की सीट संबंधी जीतन राम मांझी के प्रस्ताव पर राबड़ी देवी ने कहा कि मांझी के महागठबंधन में शामिल होने की औपचारिक घोषणा हो जाने के बाद सभी बिंदुओं पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जीतन राम मांझी के प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है।

इस बीच बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष कौकब कादरी ने भी जीतन राम मांझी के महागठबंधन में शामिल होने की घोषणा का स्वागत किया।

Related Articles

Back to top button
Close