Home Sliderदेशनई दिल्ली

प्रधानमंत्री ने चक्रवाती तूफान ‘ओखी’ से उपजी स्थिति की समीक्षा की

नई दिल्ली, 05 दिसंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चक्रवाती तूफान ‘ओखी’ के मद्देनजर पैदा हुई स्थिति की समीक्षा के लिए संबंधित अधिकारियों से बातचीत की है। उन्होंने तूफान से प्रभावित सभी लोगों को सहायता का आश्वासन दिया है। 

प्रधानमंत्री ने ट्विटर के माध्यम से कहा कि वह लगातार चक्रवात ओखी के कारण देश के विभिन्न हिस्सों में उत्पन्न हुई स्थिति पर निगरानी रखे हुए हैं। इस बारे में उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से बात की। प्रभावित लोगों को सभी संभव सहायता प्रदान की जा रही है। 

उन्होंने चक्रवात के गुजरात तटों तक पहुंचने का जिक्र किया और भाजपा कार्यकर्ताओं से लोगों को सभी संभव सहायता देने की बात कही। 
उन्होंने कहा, ‘‘चक्रवात ओखी के गुजरात में पहुंचने की आशंका है| मैं भाजपा कार्यकर्ताओं से राज्य के लोगों की मदद करने पर ध्यान केंद्रित करने की अपील करता हूं। हमारे कार्यकर्ताओं को लोगों को सभी संभव सहायता प्रदान करनी चाहिए और नागरिकों के साथ कंधे से कंधे मिलाकर खड़ा होना चाहिए।’’

उल्लेखनीय है कि दक्षिण भारत में तबाही मचाने के बाद चक्रवाती तूफान ओखी मुंबई और महाराष्ट्र के दूसरे तटीय इलाक़ों से टकराने जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक ओखी तूफान मंगलवार शाम मुंबई के नज़दीक होगा। ये तूफ़ान गुजरात के खंभात की खाड़ी की ओर बढ़ रहा है और इसके 6 दिसंबर को तट से टकराने की आशंका है। 

चक्रवाती तूफान ‘ओखी’ की वजह से भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की महुवा, सिहोर और राजुला की रैलियां रद्द कर दी गई हैं।

Related Articles

Back to top button
Close