खबरे

बच्चों के लिए लिटिल सिंघम लेकर आ रहे रोहित शेट्टी

21 अप्रैल से छोटे परदे पर शुरु होगी टीवी सीरीज

सिंघम के निर्देशक रोहित शेट्टी, डिस्कवरी किड्स और रिलायंस एनीमेशन के साथ मिल कर बच्चों के लिए एक नई एनीमेशन सीरीज़ शुरू करने जा रहे हैं जिसका नाम ‘ लिटिल सिंघम’ रखा गया है। ये सीरीज़ हिंदी और अंग्रेजी के अलावा तमिल और तेलुगु में भी आएगी। पांच से 11 साल के बच्चों को लक्ष्य कर बनाये गए इस एनीमेशन शो में लिटिल सिंघम को भी अजय देवगन जैसे डायलॉग दिए गए हैं। जैसे शो की टैग लाइन -‘पुलिस की वर्दी, शेर का दम नाम है मेरा – लिटिल सिंघम रखा गया है। इसका नया प्रोमो जारी किया गया है

शो में एनिमेटेड सिंघम किरदार भी अपनी बहादुरी के कई कारनामे दिखायेगा। एनिमेशन इंडस्ट्री में हुई इस बड़ी डील के तहत पहले सीजन में 156 एपिसोड दिखाए जायेंगे और पांच टेली फीचर्स भी होंगे। रोहित शेट्टी के मुताबिक उनकी सिंघम के दोनों भाग को बच्चों ने काफी पसंद किया था और उम्मीद है कि ये प्रयास भी उनके लिए ख़ास होगा। बता दें कि रोहित शेट्टी अपनी फिल्म गोलमाल की तरह सिंघम को भी फ्रेंचाइजी बना चुके हैं।

इसके अलावा रोहित अभिनेता अजय देवगण के साथ गोलमाल और सिंघम में से किसी भी फिल्म का अगला भाग बनाने जा रहे हैं। छोटे परदे पर लिटिल सिंघम लेकर आ रहे रोहित शेट्टी ने कहा कि अजय देवगन के साथ फिल्म को लेकर बातचीत भी शुरू हो गई है लेकिन वह अभी इस बात का निर्णय नहीं कर पा रहे हैं की अजय देवगन के साथ वह गोलमाल का अगला भाग बनाये या सिंघम का या कुछ और हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट कर दिया कि अभी अजय देवगन के साथ बात चल रही है और जल्द ही कोई ना कोई फैसला लिया जाएगा। रोहित शेट्टी और अजय देवगन ने गोलमाल और सिंघम सीरीज़ बनाई है जो कि दर्शकों को बहुत पसंद आई है। ऐसे में इन दोनों फिल्मों के अलावा अगर रोहित शेट्टी अजय देवगन के साथ कुछ और बनाते हैं तो वह देखना होगा। रोहित इन दिनों रणवीर सिंह के साथ फिल्म सिंबा बना रहे हैं, जिसमें सैफ़ अली खान की बेटी सारा हीरोइन हैं।

रोहित शेट्टी ने गोलमाल अगेन की शूटिंग के दौरान कहा था कि उनके दिमाग में फिल्म आल द बेस्ट का भी अगला भाग बनाने का विचार है लेकिन वो ऐसी फिल्म है जो अपने आप में ही मुकम्मल है।

साल 2011 और 2014 में अजय देवगन ने बड़े परदे पर सिंघम बन कर अपने एक्शन का ख़ूब जलवा दिखाया था। सिंघम 3 का भी प्लान है लेकिन उससे पहले छोटा सिंघम आने वाला है।

Related Articles

Back to top button
Close