उत्तराखंडखबरेराज्य

भाजपा नेता कुर्सी के लिए कर रहे दिल्ली दरबार की परिक्रमा : लताफत हुसैन

देहरादून, 14 फरवरी (हि.स.)। उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय कार्यालय में यूकेडी के सर्वोच्च सलाहकार समिति के सदस्य लताफत हुसैन ने भाजपा की केंद्र तथा प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। कहा कि देश में प्रचंड बहुमत की सरकार होने के बावजूद जम्मू कश्मीर में भारतीय सेना के जवानों के ऊपर गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज होने तथा लगातार सीमा पर सैनिकों की शहादत से भारतीय जनता पार्टी का चरित्र जनता के सामने आ चुका है। लताफत हुसैन बुधवार को पार्टी कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। 

उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय के आदेश का स्वागत करते हुए कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के जवानों को राहत देने वाले फैसले से यूकेडी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है। उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय के फैसले को यूकेडी कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेश के सभी सैनिक परिवारों की जीत बताया। लताफत हुसैन नें उत्तराखंड प्रदेश के भाजपा नेताओं की ओर इशारा करते हुए कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक के समय सेना के शौर्य पर अपनी पीठ थपथपाते भाजपा नेताओं द्वारा 10 गढ़वाल राइफल के ऊपर दर्ज हुए झूठे मुकदमे पर एक भी बयान न देना यह साबित करता है कि उत्तराखंड प्रदेश के भाजपा नेता सिर्फ अपनी कुर्सी बचाने के लिए दिल्ली दरबार की परिक्रमा कर रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि एक के बदले में 10 सिर लाने तथा मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद लाहौर तक घुसने की बात करने वाले भाजपा के राष्ट्रीय नेता गीदड़ की मांद में छुप कर बैठ गए हैं। हुसैन ने कहा कि आज सीमा के हालात देखते हुए पाकिस्तान से उसकी भाषा में बात करने का यह उपयुक्त समय है। अगर भाजपा के अंदर थोड़ी भी नैतिकता बची हो तो उसे तत्काल पाकिस्तान पर हमला करना चाहिए। लेकिन, प्रधानमंत्री और उनके सहयोगी मात्र जुमलेबाजी से ही देशवासियों का मन बहलाना चाहते हैं। उत्तराखंड क्रांति दल सेना के शौर्य और जनता के धैर्य पर कुठाराघात को कदापि बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि देश की जनता आज भाजपा से जवाब चाहती है कि केंद्र तथा जम्मू-कश्मीर में भारतीय जनता पार्टी की सरकार होने के बावजूद सैनिकों पर मुकदमे दर्ज कैसे हुए। 

उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय का धन्यवाद देते हुए कहा कि जम्मू कश्मीर में सैनिकों के ऊपर दर्ज एफआईआर के निरस्त होने तक यूकेडी अपना आंदोलन जारी रखेंगी। शीघ्र ही एफआईआर निरस्त न होने की दशा में दिल्ली पहुंचकर केंद्र सरकार के खिलाफ धरने-प्रदर्शन आयोजित करके भाजपा का असली चेहरा देश के सामने उजागर किया जाएगा। पत्रकार वार्ता में केंद्रीय महामंत्री जय प्रकाश उपाध्याय एवं महानगर अध्यक्ष संजय क्षेत्री भी मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button
Close