खबरेमहाराष्ट्रमुंबईराज्य

मुंबई मनपा की ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान से गायब रहे महापौर

मुंबई, 15 सितम्बर : मुंबई महानगर पालिका द्वारा शुरू की गई ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान से महापौर विश्वनाथ महाडेश्वर स्वयं गायब रहे। महापौर का कार्यक्रम से गायब रहने को लेकर चर्चा है कि उनके और मनपा आयुक्त अजय मेहता के बीच चल रही अनबन है।

मुंबई महानगर पालिका ने स्वच्छता ही सेवा अभियान का शुभारंभ किया है और इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया। मुंबई मनपा द्वारा शुरू किए गए कार्यक्रम से महापौर विश्वनाथ महाडेश्वर के गायब रहने की चर्चा जोर-शोर से की जा रही है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि महापौर और आयुक्त के बीच अनबन चल रही है। मुख्यमंत्री की उपस्थिति में शुरू किए गए अभियान में महापौर ने अनुपस्थित होकर प्रोटोकॉल तोड़ा है। मनपा के कार्यक्रम में महापौर का उपस्थित रहना अनिवार्य होता है, लेकिन आयुक्त से चल रहे विवाद के कारण महापौर मनपा के कार्यक्रम से ही गैरहाजिर रहे। 

इस संदर्भ में महापौर महाडेश्वर का कहना है कि मनपा आयुक्त मनपा के कार्यक्रमों की जानकारी नहीं देते हैं। आज के कार्यक्रम का निमंत्रण सबसे अंतिम में शाम को दिया गया, इसलिए मैं कार्यक्रम में अनुपस्थित रहा। ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम में मनपा आयुक्त अजय मेहता, शिवसेना नेता और उद्योगमंत्री सुभाष देसाई और भाजपा विधायक राज पुरोहित सहित अनेक नगर सेवक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
Close