Home Sliderदेशनई दिल्ली

यूपी निकाय चुनाव में भाजपा का प्रदर्शन विकास की जीत हैः PM मोदी

नई दिल्ली, 01 दिसंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव में मिली सफलता के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्रनाथ पांडेय को बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने इस जीत के लिए बधाई देते हुए कहा कि विकास की इस देश में फिर एक बार जीत हुई। उत्तर प्रदेश निकाय चुनावों में भव्य जीत के लिए प्रदेश की जनता को बहुत-बहुत धन्यवाद। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को भी इस सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं दी हैं। 

मोदी ने ट्वीटर पर दिए अपने बधाई संदेश में कहा कि यह जीत हमें जन कल्याण की दिशा में और अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित करेगी। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा को मिली प्रचंड विजय के लिए प्रदेश के सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्रनाथ पांडेय को हार्दिक बधाई दी। शाह ने कहा कि यह जीत हर प्रदेशवासी की औऱ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के केंद्रीय नेतृत्व और भाजपा की प्रदेश सरकार की लोक-कल्याणकारी नीतियों और विकासशील शासन में अटूट विश्वास की जीत है। शाह ने इसके लिए प्रदेश की जनता को भाजपा में निरंतर विश्वास प्रकट कर विजयश्री प्रदान करने के लिए आभार जताया। गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेन्द्रनाथ पांडेय को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत भाजपा की विकास एवं सुशासन के प्रति गहरी प्रतिबद्धता की जीत है। 

उन्होंने कहा कि इस विजय का श्रेय भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ताओं एवं सक्षम राष्ट्रीय एवं प्रादेशिक नेतृत्व को है। उत्तर प्रदेश की जनता ने भाजपा के प्रति जो भरोसा जताया है उसके लिए राजनाथ ने जनता का आभार जताया।

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी ने भी निकाय चुनाव में मिली सफलता के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष को बधाई दी। झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने उत्तर प्रदेश निकाय में भाजपा के बेहतर प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री आदित्यनाथ, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को बधाई देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी पंचायत से पार्लियामेंट तक स्वभाविक पार्टी बन गई है। उत्तर प्रदेश की जनता ने इसे फिर से साबित कर दिया है। उत्तर प्रदेश के निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत हमारे करोड़ों कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह जीत भाजपा सरकारों द्वारा जनहित में किये जा रहे कार्यों पर जनता की मुहर का द्योतक है। देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोक कल्याणकारी कार्यों और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के कुशल नेतृत्व के परिणामस्वरूप भाजपा लगातार आगे बढ़ रही है।

Related Articles

Back to top button
Close