उत्तर प्रदेशखबरेराज्य

योगी ने सुनी जन समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

लखनऊ, 28 दिसम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को अपने सरकारी आवास पर जनता की समस्याओं को सुना। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश भी दिए। 

प्रदेश के दूर-दराज क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याओं से सम्बन्धित आवेदन पत्र आज मुख्यमंत्री को दिए। मुख्यमंत्री ने एक-एक कर सभी की शिकायतों को सुना और उन पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन भी दिया। इस दौरान योगी ने अधिकारियों को निर्देशित भी किया कि जनसमस्याओं का वे त्वरित निस्तारण करें।

मथुरा से जिले से आयी रोशनी ने अपनी बेटी का स्कूल में दाखिला दिलाने के सम्बन्ध में मुख्यमंत्री से आग्रह किया। फैजाबाद से आये सुरेन्द्र ने अपने भाई के कैंसर के इलाज हेतु योगी से आर्थिक सहायता का अनुरोध किया। वहीं जनपद उन्नाव की कटोरी देवी ने पिछले 05 साल से पारिवारिक पेंशन न मिलने की जानकारी देते हुए मदद की गुहार लगायी। इसी प्रकार लखनऊ की मुन्नी देवी ने वृद्धावस्था पेंशन दिए जाने का अनुरोध किया। 

इनके अलावा भी बड़ी संख्या में लोगों ने मुख्यमंत्री से भेंट कर अपनी समस्याओं को बताया। मुख्यमंत्री ने सभी मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर सूचना राज्यमंत्री डाॅ0 नीलकंठ तिवारी भी मौजूद थे। 

Related Articles

Back to top button
Close