Home Sliderखबरेदेशनई दिल्ली

राहुल सीट विवाद पर भाजपा का पलटवार – सरकार नियमों को महत्व देती है व्यक्ति को नहीं

नई दिल्ली, 27 जनवरी (हि.स.)। गणतंत्र दिवस समारोह में राहुल गांधी को छठी लाइन में बिठाये जाने को लेकर उठे विवाद पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पलटवार करते हुए इसे असली मुद्दों से ध्यान भटाकाने की ‘राहुल ब्रैंड ऑफ पॉलिटिक्स’ करार दिया है और कहा है कि वर्तमान सरकार नियमों को महत्व देती है व्यक्ति को नहीं। 

भाजपा प्रवक्ता जीवीएल नरसिम्हा राव ने कहा कि 137 साल पुरानी पार्टी में अब तक लोकतंत्र के संस्कार नहीं आए हैं। उन्होंने कहा कि उक्त विवाद पैदा करने से पहले पार्टी को नियमावली देखनी चाहिए थी और सोचना चाहिए था कि इस अवसर पर इस तरह के सवाल सही हैं या नहीं। पार्टी को यह भी सोचना चाहिए था कि नितिन गडकरी और राजनाथ सिंह के भाजपा अध्यक्ष रहते हुए 2013 व 14 में उनकी पार्टी की सरकार ने कैसा व्यवहार किया था? 

कांग्रेस पर ओछी राजनीति का आरोप लगाते हुए श्री राव ने कहा कि भाजपा अपने विरोधियों को सदैव स्मान देती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि देश हमेशा एक परिवार के नाम पर चले और उस परिवार के सदस्य को सदैव सम्मान मिलता रहे। यह लोकतंत्र के विपरीत मानसिकता है। 

उल्लेखनीय है कि गणतंत्र दिवस समारोह में शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी शामिल हुए। उन्हें छठी लाइन में राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद के साथ बैठे देखा गया। कांग्रेस ने इस पर आपत्ति जताई थी कि अध्यक्ष रहते हुए सोनिया गांधी को हमेशा आगे की लाइन में बैठाया जाता रहा है| ऐसे में राहुल को अध्यक्ष बनने के बाद पीछे की सीट देना परंपरा के खिलाफ है। कांग्रेस ने इसे भाजपा की ओछी राजनीति बताया था। 

Related Articles

Back to top button
Close