खबरेबिहारराज्य

शादी में स्टेज पर चढ़ने को लेकर हुआ विवाद , सिर में मारी गोली, गाड़ी में मिली लाश

पटना, सनाउल हक़ चंचल-13 जून : आरा. उदवंतनगर थाने के सेवगार गांव में रविवार की देर रात शादी के दौरान बोलेरो में सोए गाड़ी ऑनर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सोमवार की अहले सुबह करीब चार बजे गाड़ी की सीट से शव बरामद किया गया। गोली उसके सिर के पास लगी थी। इस दौरान इलाज के लिए सदर अस्पताल लाए जाने के बाद डॉक्टर उसे मृत घोषित कर दिए। मृत युवक दूल्हा के भाई का साढ़ू था। 

हत्या की इस घटना को शुरुआती जांच में नाच में विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। मृतक रमेश सिंह यादव (35 वर्ष) अजिमाबाद थाना के धनुपरा टोला (विश्रामपुर) गांव निवासी चौकीदार कमलदेव सिंह यादव का पुत्र था। कमलदेव सहार थाना में चौकीदार हैं। बताया जा रहा कि गड़हनी थाना के पोसवां गांव निवासी राम कुमार सिंह यादव के बेटे अनिल की बारात रविवार की रात सेवगार गांव निवासी सच्चिदानंद यादव के यहां आई हुई थी। गांव के बाहर शामियाना लगा था। जनवासा में मनोरंजन के लिए नाच का भी प्रबंध था। 

स्टेज पर चढ़ने को लेकर हुआ था विवाद, चमकाए गए थे पिस्टल 

सेवागर गांव में शादी के दौरान जनमासे में स्टेज पर चढ़कर नर्तकियों के साथ डांस करने को लेकर बारातियों व शरातियों के बीच विवाद भी हुआ था। इस दौरान सेगवार गांव के दो-तीन युवकों ने स्टेज पर चढ़कर पिस्टल भी चमकाया था। शामियाना में वाद-विवाद होने के बाद बारातियों ने फोन पर पुलिस को भी इसकी सूचना दी थी। बाद में माहौल शांत हो गया था। साढ़ू सुनील के भाई अनिल की शादी में गाड़ी लेकर गए रमेश यादव अपनी बोलेरो में ही अगली सीट पर सोए हुए थे। इस बीच, सुबह करीब साढ़े चार बजे जब ड्राइवर गाड़ी पर गया तो अगली सीट पर मालिक की लाश पड़ी  थी। इसके बाद बाराती पक्ष के लोग रमेश को लेकर सदर अस्पताल चले गए। लेकिन, डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही उदवंतनगर के थानाध्यक्ष राजीव कुमार व अगिआंव प्रखंड प्रमुख मुकेश कुमार समेत कई लोग सदर अस्पताल पहुंच गए। थानाध्यक्ष ने कहा कि लड़की पक्ष के लोगों को बुलाकर मामले में पूछताछ की गई है।

15 साल पहले हुई थी रमेश की शादी, दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया 

अजिमाबाद थाना के धनुपरा टोला (विश्रामपुर)गांव निवासी चौकीदार कमलदेव सिंह यादव को कुल तीन पुत्र थे। कुल तीन भाइयों में रमेश दूसरे नंबर पर था। उसकी शादी वर्ष 2002 में सहार के वंशीडिहरी गांव में हुई थी। सोमवार की सुबह कत्ल की खबर मिलते ही घर मे कोहराम मच गया। पत्नी आशा देवी व मां जानकारी देवी दहाड़ मारकर रोने लगी। टोले मे मातम पसर गया। आस पड़ोस के लोग ढांढस बंधाने में लगे थे। हत्या की घटना के बाद दो बच्चों प्रिंस राज व खुशी के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है। शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल, आरा में कराया गया।

नई रिश्तेदारी में आए थे सेवगार 

बताया जा रहा कि गड़नी थाना के पोसवां गांव निवासी रामकुमार यादव के दो बेटों अनिल व सुनील दोनों की शादी तय हुई थी। सुनील की शादी आठ जून को ही सहार के वंशीडिहरी गांव में रमेश की साली से हुई थी।

यह भी पढ़े : बिहार : शादी समारोह में चल रहे नाच-गाना के बीच, महिला पर अचानक चली गोलियां और मौत

Related Articles

Back to top button
Close