उत्तर प्रदेशखबरेराज्य

संस्कार भारती के आह्वाहन पर जुटे कम्पूवासी, वन्देमातरम गा रचा इतिहास

कानपुर, 26 जनवरी (हि.स.)। 69वां गणतंत्र दिवस पर पूरे देश में शुक्रवार को धूम-धाम से मनाया गया, लेकिन कानपुरवासियों ने इतिहास रच दिया। यहां के लोगों ने संस्कार भारती की पहल एक साथ 50 हजार से अधिक लोगों ने ग्रीनपार्क स्टेडियम में ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के बाद वन्देमातरम गाया। इस ऐतिहासिक पल को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन भी पूरी तरह से मुस्तैद रहा। 

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के आनुषांगिक संगठन संस्कार भारती ने ‘चलो चलें ग्रीन पार्क’ थीम पर ग्रीन पार्क स्टेडियम में सामूहिक वन्देमातरम् गायन कार्यक्रम का आयोजन किया। जिसके चलते सुबह नौ बजे से लोग स्टेडियम में पहुंचने लगे। जिसमें सबसे ज्यादा भागीदारी स्कूली बच्चों की रही। इसके साथ ही सामाजिक संगठन के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। 

संस्कार भारती के अखिल भारतीय संरक्षक बाबा अनन्त सुखदेव उर्फ योगेन्द्र बाबा ने ठीक 12ः10 बजे ध्वजारोहण किया। इसके बाद स्टेडियम में उपस्थित लगभग 50 हजार से अधिक लोगों ने खड़े होकर राष्ट्रगान किया। फिर संस्कार भारती की ओर से भरतनाट्यम की प्रस्तुति दी गई। भरतनाट्यम की प्रस्तुति के बाद 12ः30 पर वह क्षण आया जिसका शहरवासियों का इंतजार था और उपस्थित सभी लोगों ने बाबा योगेन्द्र के साथ वन्देमातरम गाया। 

बाबा योगेन्द्र ने अपने संबोधन में कहा कि कानपुर में ऐसा पहली बार हुआ जब एक साथ इतने लोगों ने वन्देमातरम गया। जिससे प्रतीत होता है कि युवा पीढ़ी राष्ट्रवाद पर आगे बढ़ रही है। 

बाबा ने कहा कि संस्कार भारती देश के सभी राज्यों में लोक कलाओं के संरक्षण संवर्धन का कार्य कर रही है। बताया कि संस्कार भारती सास्ंकृतिक क्षेत्र में लगातार कार्यरत है। इसी के चलते इस बार कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में गणतंत्र दिवस पर एक साथ 50 हजार लोगों के साथ वन्देमातरम गायन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘हम आदि राष्ट्र है’ ऐसा बोध कराने वाला यह वंदनीय गीत है, राष्ट्र-वन्दना का यह गीत गाते हुये लाखों लागों ने राष्ट्र रक्षा का संग्राम लड़ा और जीता। वंदेमातरम की संगीतबद्ध प्रस्तुति में कानपुर नगर के 50 हजार लोगों ने अपना स्वर देकर मां भारती का गुणवान किया इसका मैं आभारी हॅूं और उम्मीद करता हॅूं कि आगे भी इस मिशाल को बढ़ते रहना चाहिये। 

इस दौरान प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सत्यदेव पचौरी, सतीश महाना, महापौर प्रमिला पाण्डेय, सांसद देवेन्द्र सिंह भोले, विधायक नीलिमा कटियार, अभिजीत सिंह सांगा, पूर्व विधायक रघुनंदन सिंह भदौरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र मैथानी, दक्षिण जिलाध्यक्ष अनीता गुप्ता, भारतीय शिक्षण मण्डल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डा. अंगद सिंह, डा. गीता मिश्रा, प्रधानाचार्य परिषद के अध्यक्ष डा. गिरीष मिश्र, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कानपुर विभाग कार्यवाह भवानी भीख, संजीव पाठक, डा. श्यामबाबू गुप्त आदि मौजूद रहें। 

शहर के कोने-कोने से पंहुची झांकिया

सामूहिक वन्देमातरम् को ऐतिहासिक बनाने के लिए शहर के अलग-अलग जगहों के स्कूलों से झांकिया निकाली गई। दोपहर बारह बजे शहर के कोने-कोने से झांकिया ग्रीनपार्क स्टेडियम पंहुची। स्टेडियम पंहुचने से पहले स्थानीय लोगों ने झांकियों का जगह-जगह फूलमालाओं से स्वागत किया। 

प्रवेशिका से मिला प्रवेश

ऐतिहासिक सामूहिक वन्देमातरम् गायन को लेकर जिला प्रशासन भी पूरी तरह से सुरक्षा पर मुस्तैद रहा। यहां पर उन्ही को प्रवेश दिया गया जिनके पास संस्कार भारती द्वारा जारी प्रवेशिका थी। यही नहीं यह भी निश्चित किया गया था कि कौन किस गेट से प्रवेश करेगा। तो वहीं जल्दबाजी से पंहुचने के चलते पूर्व विधायक रघुनंदन सिंह भदौरिया को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा और अन्ततः प्रवेशिका से निर्धारित गेट पर प्रवेश दिया गया। 

दीवारों पर उकेरे गये ऐतिहासिक चित्र

शहरवासियों को अपने गुजरे समय की महत्वपूर्ण घटनाओं की जानकारी के लिए संस्कार भारती ने ग्रीनपार्क स्टेडियम व आस-पास की दीवारों पर ऐतिहासिक घटनाओं के चित्र उकेरे। जिनमें प्रथम स्वतंत्रता संग्राम से संबंधित रानी लक्ष्मीबाई, पेशवा नानाराव व काकोरी काण्ड आदि प्रमुख रहें। 

रंगोली से कलाओं का किया गया जीवन्त प्रदर्शन 

संस्कार भारती की डा. गीता मिश्र ने बताया कि वन्देमातरम् समारोह वस्तुतः एक लघु कला मेला ही है, इस समारोह में राज्य स्तर के कलाकार रंगोली कला का जीवन्त प्रदर्शन किया गया। कहा कि समारोह में 68 चित्रकार 68 मीटर लम्बे कैनवास पर महापुरूषों के चित्र बनायें। ग्रीन पार्क के आसपास के चौराहों पर स्वागतार्थ भव्य रंगोली कानपुर के ही कलाकार ने बनाया। जिसमें शहर के सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक, कार्मिक और राजनीतिक संस्थाओं का भी अहम योगदान रहा। 

मौजूद रहा प्रशासन का पूरा अमला

सामूहिक वन्देमातरम् गायन को लेकर जिला प्रशासन भी कई दिनों से पूरी तैयारी में जुटा था और कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी से लेकर समूह ख सवंर्ग के सभी अधिकारी मौजूद रहें। सभी सरकारी कर्मचारियों ने भी बाबा योगेन्द्र के साथ वन्देमातरम् गाया। इस दौरान जिलाधिकारी सुरेन्द्र सिंह, एडीएम सिटी सतीश पाल, एडीएम वित्त संजय चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अखिलेश कुमार मीणा, नगर आयुक्त अविनाश सिंह, केडीए उपाध्यक्ष विजयेन्द्र पांडियन, मुख्य विकास अधिकारी अरूण कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षण सतीश तिवारी आदि मौजूद रहें। 

Related Articles

Back to top button
Close