उत्तर प्रदेशखबरेराज्य

सरकार नहीं समाज के बल पर चलता है सेवा कार्य : केशव मौर्य

लखनऊ, 27 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को बलरामपुर अस्पताल में धनवंतरि सेवा केन्द्र का उद्घाटन किया। इस मौके पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि सेवा का कार्य सरकार के कारण नहीं समाज के सहयोग से ही चलता है। उन्होंने कहा कि धनवंतरि सेवा केन्द्र का यह सराहनीय प्रयास है। इस तरह के सेवा कार्यों में बढ़चढ़ कर सहयोग करना चाहिए। 

केशव मौर्य ने अपना एक महीने का वेतन धनवंतरि सेवा केन्द्र को देने की घोषणा की है। उप मुख्यमंत्री द्वारा धनवंतरि केंद्र में व्हील चेयर और स्ट्रेचर का भी लोकार्पण किया। धनवंतरि सेवा केन्द्र ने बलरामपुर अस्तपाल को 20 स्ट्रेचर व 15 व्हील चेयर प्रदान की है। 

अस्पताल के निदेशक डॉ. राजीव लोचन ने बताया कि धनवंतरि केंद्र के जरिए मरीजों को व्हील चेयर और स्ट्रेचर उपलब्ध कराने की सुविधा शुरु की गई है। इसके लिए मरीजों और उनके तीमारदारों को अपना आई कार्ड जमा करना होता है। इससे अस्पताल की इमरजेंसी और ओपीडी में आने वाले मरीजों को राहत मिलेगी। 

धनवंतरि केन्द्र के ओम प्रकाश पाण्डेय ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि समाज के सहयोग से अभी केन्द्र द्वारा अस्पताल को 20 स्ट्रेचर व 15 व्हील चेयर प्रदान किया गया है। आगे आवश्यकता पड़ने पर और संसाधन उपलब्ध कराये जायेंगे। उन्होंने बताया कि केन्द्र के कार्यकर्ता अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की पूछताछ से लेकर अन्य सहायता भी करेंगे। 
मरीजों की सेवा केन्द्र का मुख्य उद्देश्य

सामाजिक कार्यकर्ता अवधेश नारायण ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि हमारा उद्देश्य मरीजों को सहायता उपलब्ध कराना है। मरीजों और परिजनों की इन्हीं समस्याओं को देखते हुए बलरामपुर अस्पताल में धनवन्तरि सेवा केन्द्र का शुभारम्भ किया गया है। बलरामपुर अस्पताल में हजारों की संख्या में मरीज इलाज के लिए आते हैं। जिसमें से कुछ मरीज अशिक्षित भी होते हैं ऐसे में वो सही विभाग या ओपीडी तक नहीं पहुंच पाते हैं। मरीजों और परिजनों की इन समस्याओं को कम करने के लिए धनवन्तरि सेवा केन्द्र उनकी मदद करेगा। 

इस मौके पर अस्पताल के निदेशक व प्रमुख अधीक्षक डा. राजीव लोचन, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा.ऋषि कुमार सक्सेना, चिकित्सा अधीक्षक डा. बी.के.एस.चौहान, केजीएमयू के चिकित्सा अधीक्षक डा. विजय कुमार, केजीएमयू के पल्मोनरी मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डा. सूर्यकान्त, बाल रोग विशेषज्ञ व बलरामपुर अस्पताल के धनवंतरि केन्द्र के सचिव डा. हिमांशू चतुर्वेदी, धनवंतरि केन्द्र के कार्यकर्ता गौरव, संतोष कुमार, बृजेश कुमार श्रीवास्वत व वी.के.राय प्रमुख रूप से उपस्थित थे। 

Related Articles

Back to top button
Close