उत्तर प्रदेशखबरेराज्य

सहारनपुर से भाजपा मेयर प्रत्याशी संजीव वालिया जीते

सहारनपुर, 01 दिसम्बर (हि.स.)। सहारनपुर के नगर निगम चुनाव का अंतिम रिजल्ट घोषित कर दिया गया है। सहारनपुर में मेयर सीट पर भाजपा के संजीव वालिया विराजमान होंगे। संजीव वालिया ने बसपा के हाजी फजलुर्रहमान को 1986 मतों से पराजित किया है। तीसरे नंबर पर कांग्रेस के शशि कुमार वालिया और चौथे नंबर पर सपा के साजिद चौधरी रहे हैं।

वर्ष 2008 में तत्कालीन बसपा सरकार में सहारनपुर नगर पालिका को नगर निगम का दर्जा दिया गया था। लेकिन वार्डों का परिसीमन पूरा न होने के कारण बसपा के शासनकाल में नगर निगम का चुनाव नहीं हो सका था। इसके बाद प्रदेश में सपा की सरकार आई तो वह भी वार्डों का परिसीमन का कार्य पूरा नहीं करा सकी और सपा शासन में भी नगर निगम का चुनाव नहीं हो सका। अब प्रदेश में भाजपा की सरकार में नगर निगम बनने के करीब 9 साल बाद नगर निगम का चुनाव संपन्न कराया गया।

सहारनपुर नगर निगम के चुनाव की सेट्रल वेयर हाउस में हुई मतगणना में प्रारंभ के मतगणना चक्रों में बसपा के हाजी फजलुर्रहमान भाजपा के संजीव वालिया को टक्कर देते रहे, लेकिन 10वें चक्र के बाद से भाजपा के संजीव वालिया आगे बढ़ते गए और आगे ही रहे। संजीव वालिया ने कुल 121179 वोट प्राप्त किए, जबकि बसपा के हाजी फजलुर्रहमान ने कुल 119193 वोट प्राप्त किए। इस प्रकार संजीव वालिया ने हाजी फजलुर्रहमान को 1986 मतों के अंतर से पराजित कर दिया। तीसरे नंबर पर कांग्रेस के शशि कुमार वालिया रहे, जिन्हें 69263 वोट मिले और चौथे नंबर पर सपा के साजिद चैधरी रहे, जिन्हें 10701 वोट मिले।

इस चुनाव में कुल 12 प्रत्याशी मैदान में थे। भाकपा के फरीद को 2087, आम आदमी पार्टी के मोहम्मद सलीम को 1055 के अलावा निर्दलीय प्रत्याशी अफरोज जहां को 920, अब्दल वाहिद को 581, इसरार को 913, मोहम्मद इसरार प्रमुख को 1497, शीला देवी को 2354 तथा सलाउद्दीन राजा को 415 मत मिले। 1394 लोगों ने नोटा का प्रयोग किया। 

Related Articles

Back to top button
Close