उत्तर प्रदेशखबरेराज्य

सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक कर्मियों की हड़ताल आज, ग्राहकों को हो सकती है मुश्किल

गोरखपुर, 22 अगस्त : सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक मंगलवार को हड़ताल पर रहेंगे। इस वजह से बैंकिंग सेवाएं बुरी तरह से प्रभावित हो सकती हैं। यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) की अगुवाई में सभी बैंक यूनियनों ने हड़ताल का आह्वान किया है। 

गोरखपुर मंडल के सभी बैंकों के तकरीबन 700 शाखाओं से जुड़े हजारों कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से 100 करोड़ से अधिक का कारोबार प्रभावित होने का अनुमान है। मंडल के चार जिले कुशीनगर, गोरखपुर, महराजगंज और देवरिया के सार्वजनिक बैंक शाखाओं में मंगलवार को आने वाले ग्राहकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ एसोशिएशन गोरखपुर के डिप्टी जनरल सेक्रेटरी ओपी सिंह ने बताया कि यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) नौ यूनियनों का प्रमुख निकाय है। इसके तहत आल इंडिया बैंक आफिसर्स कनफेडरेशन (एआईबीओसी), आल इंडिया बैंक एम्पलाइज एसोसिएशन (एआईबीईए) और नेशनल आर्गेनाइजेशन आफ बैंक वर्कर्स (एनओबीडब्ल्यू) आते हैं। मुख्य श्रम आयुक्त के साथ सुलह सफाई बैठक विफल रही है। अब यूनियनों के पास हड़ताल पर जाने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।

उन्होंने कहा कि हड़ताल के लिए कर्मचारियों की मांगों के प्रति सरकार का उदासीन रवैया जिम्मेदार है। इनका दावा है कि इस हड़ताल को देश भर के बैंकों की पांच कर्मचारी और चार अधिकारी यूनियनों के करीब 10 लाख बैंक कर्मियों का समर्थन प्राप्त है। इसे गोरखपुर मंडल के सभी हड़ताली बैंकों में तकरीबन 700 शाखाओं के हजारों कर्मचारी और अधिकारी शामिल हैं। 

बैंक संगठन सरकार द्वारा बैंकों के एकीकरण के साथ ग्रैच्युटी न लागू करने से खासे नाराज हैं। संसद में पेश लेबर एक्ट से भी कर्मचारी व अधिकारी संगठनों में रोष व्याप्त है।

Related Articles

Back to top button
Close