खबरेस्पोर्ट्स

राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय भारोत्तोलकों का दबदबा बरकरार, प्रदीप को रजत

गोल्ड कोस्ट (ईएमएस)। राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का दबदबा बरकरार है। पांचवें दिन प्रदीप सिंह ने 105 किलोग्राम भारवर्ग में रजत पदक जीता। प्रदीप ने कुल 352 किलोग्राम (152 किलोग्राम स्नैच और 200 किलोग्राम क्लीन ऐंड जर्क) में उठाकर भारत को यह 9वां पदक दिलाया। भारत ने अभी तक भारोत्तोलन में कुल पांच स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक जीतकर अपनी ताकत दिखाई है। इस प्रकार भारत को अब तक इन खेलों में 13 पदक मिले हैं। प्रदीप की शुरुआत स्नैच में अच्छी नहीं रही। उनका पहला प्रयास विफल रहा और वह 148 किलोग्राम भार नहीं उठा पाए। वहीं दूसरे प्रयास में वह इतना भार उठाने में कामयाब रहे। अपने तीसरे प्रयास में वह चार किलो अधिक उठाने में सफल रहे। उन्होंने इस बार 152 किलो भार उठाया। स्नैच राउंड के बाद वह दूसरे स्थान पर रहे।

वहीं दूसरी ओर क्लीन ऐंड जर्क में उन्होंने आसानी से 200 किलोग्राम का भार उठाया। यह उनके पर्सनल बेस्ट 196 किलोग्राम से चार किलो ज्यादा था। इसके बाद उन्होंने अगले प्रयास में कामयाबी से 209 किलोग्राम भार उठाने की कोशिश की परन्तु वह इसमें सफल नहीं हो पाए। आखिरी प्रयास में उन्होंने 211 किलोग्राम भार उठाकर स्वर्ण पदक का प्रयास किया लेकिन इसमें भी वह असफल रहे। इस वर्ग में समोआ के सानेली माओ ने स्वर्ण जीता। उन्होंने 360 (स्नैच में 154 और क्लीन एंड जर्क में 206) किग्रा वजन उठाया जबकि इंग्लैंड के ओवन बोक्सआल को कांस्य मिला। उन्होंने 351 (स्नैच में 152 और क्लीन एंड जर्क में 199) किग्रा वजन उठाया।

Related Articles

Back to top button
Close