Home Sliderखबरेदेशनई दिल्ली

सिद्धारमैया आखिरी पसंद नहीं, अगले सीएम का फैसला करेगा आलाकमान : खड़गे

बेंगलुरु (ईएमएस)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कर्नाटक में सत्ता विरोधी लहर नहीं है। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस एक बार फिर भारी बहुमत से जीतने जा रही है। उन्होंने कहा वर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धारमैया मुख्यमंत्री के रूप में आखिरी पसंद नहीं हैं। राज्य के अगले मुख्यमंत्री का फैसला आलाकमान करेगा।

खड़गे ने संकेत दिए कि हो सकता है कि मौजूदा मुख्यमंत्री सिद्धरमैया पद की स्वाभाविक पसंद नहीं हों। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस दूसरे कार्यकाल के लिए सत्ता में आई, तो नवनिर्वाचित विधायकों से सलाह-मशविरा करके मुख्यमंत्री के बारे में फैसला करेगा। कांग्रेस ने लगातार कहा है कि वह मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के नेतृत्व में चुनाव लड़ रही है, लेकिन वह मुख्यमंत्री पद के लिए उन्हें अपना उम्मीदवार घोषित करने से बचती रही है। खड़गे की टिप्पणी से ऐसे संकेत मिलते हैं कि कांग्रेस में नेतृत्व का सवाल सुलझा नहीं है। यह पूछे जाने पर कि क्या पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने इस बारे में फैसला किया है कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। खड़गे ने कहा चुनावों से पहले ‘गैरजरूरी विवाद’ पैदा नहीं किया जाना चाहिए।

खड़गे ने कहा मुख्यमंत्री (सिद्धारमैया) पहले से मौजूद हैं। वह (कांग्रेस अभियान का) नेतृत्व कर रहे हैं और वह कप्तान हैं। जब तक वह नेतृत्व करेंगे, वह कप्तान हैं। उन्होंने कहा और पार्टी को जब भी लगता है, वह किसी को भी बदल सकती है, क्योंकि आलाकमान के पास सर्वोच्च अधिकार हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि नए चुने गए विधायकों से सलाह करके ही आलाकमान अगले मुख्यमंत्री पर फैसला करेंगे।

लोकसभा में कांग्रेस के नेता खड़गे ने बात को ज्यादा स्पष्ट किए बिना कहा कि चूंकि भाजपा और जेडीएस समस्याओं का सामना कर रहे हैं, उन्होंने मुख्यमंत्री पद के लिए अपने उम्मीदवार घोषित किये हैं। भाजपा ने बीएस येदियुरप्पा और जेडीएस ने एचडी कुमारस्वामी को मुख्यमंत्री पद का अपना-अपना उम्मीदवार बनाया है। दोनों ही राज्य के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। कांग्रेस की चुनावी संभावनाओं के बारे में बात करते हुए खड़गे ने कहा, ‘हमारे चुनावों में जीत की बहुत अच्छी संभावनाएं हैं और मुझे आशा है कि हम बहुमत पाएंगे। उन्होंने कहा राज्य में सत्ता विरोधी लहर नहीं है। उन्होंने दावा किया कि हम राज्य में एक बार फिर सत्ता में आ रहे हैं।

Related Articles

Back to top button
Close