उत्तर प्रदेशखबरेराज्य

सीएम योगी ने मानी हार, विजयी प्रत्याशियों को दी बधाई

लखनऊ, 14 मार्च (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर और फूलपुर उपचुनाव में भाजपा की हार मानते हुए सपा के दोनों विजयी प्रत्याशियों को बधाई दी है। उपचुनावों के आये नतीजों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे जनता के फैसले का स्वागत करते हैं और विजयी प्रत्याशियों को जीत की बधाई देते हैं। 

योगी ने कहा कि उनकी पार्टी हार के कारणों की समीक्षा करेगी। सपा और बसपा का गठजोड़ विपक्ष की जीत का प्रमुख कारण रहा। फिलहाल, उपचुनाव के नतीजे हमारे लिए सबक हैं। हम इसकी समीक्षा करेंगे। 

उधर, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी सपा और बसपा के गठबंधन को भाजपा प्रत्याशियों की हार का प्रमुख कारण माना है। गौरतलब है कि आदित्यनाथ और केशव मौर्य के इस्तीफे के बाद खाली हुई गोरखपुर और फूलपुर सीटों के लिए ये उपचुनाव हुए। 11 मार्च को दोनों संसदीय क्षेत्रों में मतदान हुआ था। मतगणना बुधवार को हुई। गोरखपुर सीट के लिए कुल 10 प्रत्याशी मैदान में थे, जबकि फूलपुर में 22 उम्मीदवारों ने पर्चा भरा था। दोनों सीटों पर मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री की प्रतिष्ठा दांव पर लगी थी। 

Related Articles

Back to top button
Close