Home Sliderदेशनई दिल्ली

सीलिंग के ख़िलाफ़ ‘आप’ की ‘चेतावनी रैली

नई दिल्ली, 11 दिसम्बर (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आप) ने सोमवार को पूर्वी दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के सीलिंग के फैसले के ख़िलाफ़ पटपड़गंज स्थित ईडीएमसी कार्यालय के सामने अपनी ‘चेतावनी रैली’ करते हुए प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में आप के तमाम पार्षदों विधायकों और नेताओं ने हिस्सा लिया। 

पार्टी के विधायक और पूर्वी दिल्ली नगर निगम में दिल्ली सरकार के मनोनीत प्रतिनिधि अनिल वाजपेई ने कहा, ‘जिस प्रकार से भाजपा शासित पूर्वी दिल्ली नगर निगम ने टैक्स में बढ़ोत्तरी की है और नए टैक्स को जनता पर थोपा है वो जनविरोधी है, पूर्वी दिल्ली नगर निगम द्वारा पेश किया गया पूरा बजट पूरी तरह से जनविरोधी है। जिसका आम आदमी पार्टी विरोध करती है और इन टैक्स को वापस लेने की मांग करती है।’

पूर्वी दिल्ली नगर निगम में नेता विपक्ष और आम आदमी पार्टी के पार्षद अब्दुल रहमान ने कहा कि भाजपा शासित पूर्वी दिल्ली नगर निगम द्वारा की जा रही सीलिंग पूरी तरह से जनता और व्यापारियों के ख़िलाफ़ है। निगम द्वारा की जा रही इस सीलिंग से छोटे व्यापारियों में डर का माहौल है और इस सीलिंग की आड़ में भाजपा नेता भ्रष्टाचार को अंजाम दे रहे हैं। आप मांग करती है कि तुरंत इस सीलिंग की कार्रवाई को रोका जाए। अगर भाजपा शासित निगम इस सीलिंग को नहीं रोकता है तो आप इसके ख़िलाफ़ अपना प्रदर्शन लगातार जारी रखेगी। व्यापारियों को सीलिंग के नाम पर चालान भेजे जा रहे हैं और फिर उन चालान को वापस कराने और सीलिंग से छुटकारा दिलाने के नाम पर भाजपा के नेता व्यापारियों से लाखों रुपये ऐंठ रहे हैं। यही भाजपा का असली रंग है जो वो पूर्वी दिल्ली नगर निगम में फिलहाल दिखा रही है।
इस प्रदर्शन में नितिन त्यागी, मनोज कुमार, हाजी इशराक़ और पूर्वी दिल्ली नगर निगम में नेता विपक्ष और पार्टी के पार्षद अब्दुल रहमान भी मौजूद रहे। 

Related Articles

Back to top button
Close