खबरेराज्यहिमाचल प्रदेश

हिमाचल में चार महिलाएं विधानसभा पहुंचीं

शिमला, 19 दिसम्बर (हि.स.)। हिमाचल की 68 सदस्यीय विधानसभा में केवल चार महिला विधायक पहुंचीं हैं और इसमें से दो पहली बार निर्वाचित हुई हैं। तीन महिला विधायक भाजपा से चुनी गई हैं, जबकि एक महिला विधायक कांग्रेस से निर्वाचित हुई है। पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और वरिष्ठ कांग्रेसी नेत्री विपल्व ठाकुर इस बार विधानसभा पहुंचने में असफल रहीं। देहरा सीट से उन्हें करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है और चुनावी मुकाबले में तीसरे स्थान पर रहीं। 

09 नवम्बर को हुए मतदान में कुल 19 महिला प्रत्याशी मैदान में थीं जिसमें से केवल भाजपा की कमलेश कुमारी, सरवीण चौधरी, रीता धीमान और कांग्रेस की आशा कुमारी निर्वाचित हुए हैं। इनमें से भोरंज सीट से कमलेश कुमारी 6892 मतों से विजयी हुईं, जबकि शाहपुर सीट से सरवीण चौधरी ने 6147 और इंदौरा से रीता धीमान ने 1195 मतों से जीत हासिल की। डलहौजी से कांग्रेस की आशा कुमारी महज 556 मतों से अपनी सीट बचाने में कामयाब रही। सरवीण चौधरी और आशा कुमारी निर्वतमान विधायक हैं।

पिछली विधानसभा में सत्ता पक्ष में दो महिला सदस्य थीं जबकि विपक्ष में एक महिला सदस्य थीं। वर्ष 1972 से 2017 तक हिमाचल में 193 महिलाओं ने विधानसभा चुनाव लड़ा है। साल 2003 में कांग्रेस सरकार में पहली बार तीन महिलाओं को कैबिनेट मंत्री बनाया गया था। इनमें विद्या स्टोक्स, आशा कुमारी और चंद्रेश कुमारी शामिल थी। वर्ष 2007 में भाजपा सरकार में एकमात्र सरवीन चौधरी को मंत्रिमंडल में जगह मिली जबकि साल 2012 में कांग्रेस ने केवल विद्या स्टोक्स को कैबिनेट में जगह दी। 

Related Articles

Back to top button
Close