Home Sliderदेशनई दिल्ली

2,250 करोड़ रुपए के भ्रष्टाचार मामले में फरार पूर्व IAS अधिकारी गिरफ्तार

गुवाहाटी, 08 जनवरी (हि.स.)। असम में सत्ता बदलने के बाद से भाजपा नीत गठबंधन सरकार भ्रष्टाचार को लेकर जीरो टालरेंस नीति के तहत पूर्व की सरकार के कार्यकाल में हुए घोटालों की जांच में जुटी हुई है। इस कड़ी में राज्य के समाज कल्याण विभाग में हुए 2.250 करोड़ रुपए के घोटाले के मामले में फरवरी माह से फरार समाज कल्याण विभाग के पूर्व निदेशक आईएएस कुमुद कलिता को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार इस घोटाले का पर्दाफाश बीते वर्ष के आरंभ में हुआ था। घोटाले में नाम आने के बाद से कलिता फरवरी, 2017 से फरार था। उल्लेखनीय है कि इस मामले की जांच मुख्यमंत्री की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा कर रही है। भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने कलिता का पता बताने वाले के लिए एक लाख रुपए के इनाम की भी घोषणा की थी। भ्रष्टाचार निरोधक शाखा पूर्व निदेशक से पूछताछ में जुट गई है। सूत्रों ने दावा किया है कि पूछताछ के बाद अन्य कई लोगों की गिरफ्तारी संभव हो पाएगी। संभवतः इस मामले में तत्कालीन मंत्री पर भी शिकंजा कसता नजर आ रहा है।

Related Articles

Back to top button
Close