Home Sliderखबरेमहाराष्ट्रमुंबईविधानसभा चुनाव

महाराष्ट्र विस चुनाव : शिवड़ी में शिवसेना और मनसे के बीच कांटे की टक्कर

मुंबई। महानगर का शिवड़ी निर्वाचन क्षेत्र मध्यमवर्गीय और मेहनतकशों का इलाका माना जाता है। खासकर मराठी बाहुल्य इस इलाके पर शिवसेना का कब्जा है। शिवसेना का तख्त पलटने के लिए राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के सामने कड़ी चुनौती होगी। इसके अलावा प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस भी एड़ी-चोटी का जोर लगाएगी।

शिवसेना के विजय चौधरी इस सीट से विद्यमान विधायक हैं। इस विधानसभा चुनाव में इस सीट से चार उम्मीदवार मैदान में हैं। इस बार भाजपा-शिवसेना-गठबंधन के चौधरी उम्मीदवार हैं। चुनावी शतरंज की विसाद बिछ गई है। चौधरी का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। वर्ष 2014 का चुनाव भाजपा और शिवसेना ने अलग-अलग लड़ा था। विजय चौधरी ने मनसे के दिग्गज नेता बाला नांदगावकर को 41,909 वोटों से पराजित किया था। भाजपा की शलाका सालवी 21,921 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रही। शिवसेना ने यह सीट मनसे से छीनी थी। इससे पहले वर्ष 2009 में इस सीट से मनसे के बाला नांदगांवकर ने शिवसेना के दगड़ू सकपाल को 6463 वोटों से पराजित किया था। मनसे ने इस बार बाला नांदगांवकर को टिकट नहीं दिया है। नांदगांवकर की जगह मनसे ने संतोष नलावडे पर भाग्य आजमाया है। विपक्षी कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन में यह सीट कांग्रेस कोटे में है। कांग्रेस ने उदय फणसेकर को उम्मीदवार घोषित किया है। फणसेकर कांग्रेस पार्टी के विभाग प्रमुख की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इसी तरह उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की अगुवाई वाली बहुजन समाज पार्टी ने मदन खले को मैदान में उतारा है।

शिवड़ी में कुल दो लाख 73 हजार 495 मतदाता हैं। अल्पसंख्यक और हिंदी भाषी मतदाता भी हैं लेकिन परंतु हार-जीत का फैसला मराठी भाषी वोटबैंक पर ही निर्भर करता है। लोकसभा चुनाव में शिवसेना के वर्तमान सांसद अरविंद सावंत को इस निर्वाचन क्षेत्र से अधिक बढ़त मिली थी और कांग्रेस के मिलिंद देवड़ा चुनाव हार गए थे। इस क्षेत्र में बीडीडी चाल, झुग्गी बस्तियां, शौचालय, स्वच्छता, मिल जमीनों पर निर्माणाधीन इमारतें, मिल मजदूरों के घर, बीपीटी जमीन पर बनी बस्तियां और बेरोजगारी जैसे प्रमुख मुद्दे हैं।

पिछले चुनाव के नतीजे-
वर्ष 2014-
1- विजय चौधरी (शिवसेना) 72462,
2- बाला नांदगांवकर (मनसे) 30553
3- शलाका सालवी (भाजपा) 21921
4- जमसुतकर पांडुरंग (कांग्रेस) 12732
5- नंदकुमार काटकर (एऩसीपी) 5269

वर्ष 2009
1- बाला नांदगांवकर (मनसे) 64375
2- दगडू सकपाल (शिवसेना) 57912
3- स्मिता चौधरी (कांग्रेस) 15431
4- नारायण घागरे (सीपीआई) 1552
5- तानाजी वायदंडे (बसपा) 747
(एजेंसी हिस)

Tags

Related Articles

Back to top button
Close