Home Sliderखबरेस्पोर्ट्स

रिजिजू को उम्मीद, सितंबर-अक्टूबर से शुरू हो जाएंगी खेल गतिविधियां

नई दिल्ली। केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने उम्मीद जताई है कि देश में बंद पड़ी खेल गतिविधियां सितंबर-अक्टूबर से शुरू हो जाएंगी। कोरोना वायरस महामारी के कारण मार्च से ही देश में खेल गतिविधियां बंद पड़ी हुई हैं।

रिजिजू ने हाल ही में राष्ट्रमंडल देशों के मंत्री स्तरीय फोरम में हिस्सा लिया जिसमें कोरोना महामारी के बाद भारत में खेलों को शुरू करने की रणनीति के बारे में चर्चा की गई थी।

रिजिजू ने कहा, “राष्ट्रमंडल राष्ट्रों के सदस्य होने के नाते हमें सभी मुद्दों पर एक साथ खड़ा होना चाहिए, खासकर ऐसे समय में। इस फोरम का हिस्सा बनकर खुश हूं जहां सभी राष्ट्रमंडल देश आगे बढ़ने के लिए एक साथ आए हैं। उन्होंने कहा, अन्य देशों ने इस फोरम में जो मुद्दे उठाए हैं वो भारत के समान ही हैं। हालांकि इस दौरान हमने कुछ अलग हासिल किया है और कुछ सीखा है जो मैं आप लोगों के साथ शेयर करना चाहूंगा।”

उन्होंने कहा, “सरकार ने कुछ गतिविधियों को तय पाबंदियों और सख्त एसओपी के साथ मंजूरी दे दी है, इन गाइडलाइंस को हर खेल संगठन को लागू करना होगा। उन्होंने कहा, मुझे आपको यह बताते हुए खुशी हो रही है कि हमारे ओलंपिक खेलने वाले खिलाड़ियों ने कैम्प में ट्रेनिंग शुरू कर दी है।”

उन्होंने कहा, “मैंने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के खेल मंत्रियों से बात की थी, साथ ही सभी राष्ट्रीय खेल महासंघों से भी कहा था कि वे धीरे-धीरे खेल गतिविधियां शुरू करें। हमें लोगों का आत्मविश्वास बढ़ाने की जरूरत है।”

उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि भारत में सितंबर-अक्टूबर के बीच खेल गतिविधियां शुरू हो जाएंगी, अलग-अलग खेलों में बड़ी लीग भी शुरुआत करने के बारे में सोच रही हैं। (एजेंसी, हि.स.)

Tags

Related Articles

Back to top button
Close