Home Sliderउत्तर प्रदेशखबरेदेश

शिक्षक भर्ती घोटाला: प्रियंका ने योगी सरकार को फिर लिया निशाने पर

नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश की 69000 शिक्षक भर्ती घोटाला मामले में एक बार फिर प्रदेश की योगी सरकार को निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा कि यह संभव ही नहीं है कि शिक्षा विभाग में इतने बड़े-बड़े फर्जीवाड़े हों और विभाग के मंत्री को जानकारी ना हो। उन्होंने पूछा कि तब किस प्रकार की व्यवस्था को बेहतर करने का दावा योगी आदित्यनाथ सरकार कर रही है।

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने रविवार को ट्वीट कर कहा कि यह हजम नहीं होता कि सरकार की नाक के नीचे घोटाले का पूरा खांका तैयार होता रहा और सरकार इससे अनजान रही। शिक्षा विभाग में इतने बड़े-बड़े फर्जीवाड़े होते रहे और विभागीय मंत्री आंख मूंदे रहे। क्या मुख्यमंत्री कार्यालय को इसकी भनक भी नहीं लगी? उन्होंने कहा कि हैरानी की बात यह है जीरो टॉलरेंस की बात करने वाले बड़ी मछलियों के भ्रष्टाचार को खूब टॉलरेट कर रहे हैं। सिस्टम में बैठे लोगों की सांठगांठ से यह संभव हुआ है और अब सरकार को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए युवाओं को जवाब देना होगा।

इससे पहले भी कांग्रेस महासचिव ने सरकारी तंत्र की निष्पक्षता पर सवाल उठाया था। उन्होंने कहा था कि भले ही सरकार दावे करती रहे कि उसने युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए कई फैसले किए हैं लेकिन हकीकत यह है कि अनियमितता के जरिए सिर्फ अयोग्य लोगों को लाभ मिला है। जबकि सरकार की अनदेखी की वजह से एमए-बीएड की डिग्री लिए युवा मजदूरी एवं अन्य कार्य कर अपनी जीविका चलाने को मजबूर हैं।

प्रियंका का शिक्षक फर्जीवाड़े को लेकर तंज, कहा बड़ी मछलियों के भ्रष्टाचार को खूब कर रहे टॉलरेट

कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा राज्य के बेसिक शिक्षा महकमे में शिक्षकों की भर्ती और दूसरे के नाम पर फर्जी तरीके से नौकरी करने को मामलों को लेकर राज्य सरकार पर लगातार हमलावर बनी हुई हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय और बेसिक शिक्षा मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सतीश द्विवेदी पर भी फर्जीवाड़े को लेकर निशाना साधा है।

प्रियंका ने रविवार को ट्वीट किया कि शिक्षा विभाग में इतने बड़े-बड़े फर्जीवाड़े हो रहे हैं तो क्या विभाग के मंत्री की जानकारी में ये नहीं था? क्या मुख्यमंत्री कार्यालय को इसकी भनक भी नहीं लगी? उन्होंने कहा कि हैरानी की बात है जीरो टॉलरेंस की बात करने वाले बड़ी मछलियों के भ्रष्टाचार को खूब टॉलरेट कर रहे हैं।

दरअसल प्रदेश में अनामिका शुक्ला के प्रमाणपत्रों के जरिए कई महिलाओं के फर्जी तरीके से अन्य जगहों पर इसी नाम से नौकरी करने की पोल खुलने के बाद अब ‘प्रीति’ नाम से दो जगह फर्जी नौकरी की बात सामने आयी है। असरी अनामिका की तरह असली प्रीति भी बेरोजगार है और इसी को लेकर प्रियंका ने सवाल खड़े किये हैं।

प्रीति प्रकरण में पूर्वांचल के जौनपुर और आजमगढ़ जिले में नौकरी करने की बात सामने आयी है। यहां प्रीति यादव के नाम पर दो जगह नौकरी का मामला पकड़ा गया है जबकि असली प्रीति यादव बेरोजगार है। असली प्रीति यादव की मार्कशीट पर नकली प्रीति यादव के दो जगह से नौकरी करने की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। (एजेंसी, हि.स.)

Tags

Related Articles

Back to top button
Close