Home Sliderखबरेदेशराज्य

केंद्रीय मंत्रियों ने देश की प्रगति में अद्वितीय भूमिका निभाने वाले श्रमिकों को किया सलाम

नई दिल्ली । अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के मौके पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, श्रम मंत्री संतोष गंगवार एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जयप्रकाश नड्डा समेत कई राजनेताओं ने देशभर के सभी कामगार बंधुओं को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट के समय देशभर में कामगारों ने जो धैर्य, साहस और शान्ति का परिचय दिया है, वह प्रशंसनीय है।

गृहमंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा, ‘विश्व श्रमिक दिवस के अवसर पर भारत की प्रगति और खुशहाली में अद्वितीय भूमिका निभाने वाले सभी श्रम योगियों को सलाम करता हूं।’

शाह ने आगे लिखा कि ‘श्रमेव जयते’ के मंत्र के साथ मोदी सरकार अपने कठिन परिश्रम और संकल्प से भारत को विश्व में अग्रणी बनाने वाले श्रमिकों के कल्याण के लिए निरंतर कटिबद्ध है।

श्रम मंत्री संतोष गंगवार ने कहा, ‘इस महामारी की परिस्थिति में भी देश एवं लोकहित में कार्य कर रहे सभी कर्मचारियों को नमन। भारतवर्ष को शीर्ष शिखर तक ले जाने में हमारे सभी श्रमिक साथियों का योगदान अतुलनीय है। राष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर राष्ट्र के समस्त श्रमिक जनों को हार्दिक शुभकामनाएं।’

वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपने ट्वीट संदेश में लिखा, ‘देश व समाज के निर्माण में अपना बहुमूल्य योगदान देने वाले सभी मेहनतकश श्रमिकों को अंतराष्ट्रीय श्रमिक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। इस संकट की घड़ी में आप सभी का धैर्य व मनोबल अत्यंत सराहनीय है। सरकार आप सभी के साथ है।’

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी मजदूर दिवस पर आवश्यक सेवा कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे जबरदस्त प्रयास को सलाम किया। उन्होंन कहा कि इस लॉकडाउन ने हमारे शहरों का निर्माण करने वाले लोगों को बुरी तरह प्रभावित किया है। आइए हम यह सुनिश्चित करने के लिए अपना पूरा प्रयास करें कि वे एक गरिमापूर्ण जीवन और कार्य कर सकें।

कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी ट्वीट कर श्रमिक दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा, ‘कोविड-19 के ख़िलाफ जंग में सबसे मुश्किल लड़ाई हमारे मजदूर भाई-बहन लड़ रहे हैं। यह जंग हम तब तक नहीं जीत सकते, जब तक हर श्रमिक के हाथ में काम, मदद की राशि व घर में राशन की व्यवस्था न हो। मजदूर दिवस पर हम यह सुनिश्चित करें कि संकट की घड़ी में मजदूर साथियों से सहयोग करें।’

Tags

Related Articles

Back to top button
Close