Home Sliderखबरेदेशपश्चिम बंगालराज्य

पश्चिम बंगाल में कोरोना से मरने वालों की संख्या हुई पांच, 24 घंटे में पीड़ितों की संख्या बढ़कर हुई 37

कोलकाता । पश्चिम बंगाल में कोरोना का कहर तेजी से बढ़ता जा रहा है। पिछले 24 घंटे के अंदर 10 नए मामलों की पुष्टि हुई है, जबकि दो और लोगों की मौत हुई है। इस तरह राज्य में कोरोना से कुल मृतकों की संख्या 5 हो गई है, जबकि पीड़ितों की संख्या 27 से बढ़कर 37 हो गई है।

राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात को एनआरएस मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 52 साल के एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हुई है। जबकि हावड़ा के गोलाबारी में मौजूद आई. एल.एस. अस्पताल में 57 साल के एक और अधेड़ व्यक्ति ने दम तोड़ दिया है। हालांकि मरने से पहले इनकी रिपोर्ट नहीं आई थी। लेकिन देर रात जब दोनों की रिपोर्ट आई तो पता चला कि दोनों कोरोना से संक्रमित थे। एनआरएस अस्पताल में जिसकी मौत हुई है वह उल्टाडांगा के रहने वाले थे। अभी तक उनके विदेश दौरे की कोई जानकारी स्वास्थ्य विभाग को नहीं मिली है। सोमवार को सांस लेने में तकलीफ हुई थी जिसके बाद अस्पताल में भर्ती किया गया था। एसएसकेएम अस्पताल में उनके संक्रमण की जांच हुई थी। मंगलवार रात जब तक रिपोर्ट आई उसके पहले मौत हो चुकी थी रिपोर्ट में कोरोना पॉजिटिव निकले हैं।

इधर गोलाबारी के आई.एल.एस अस्पताल में जिस व्यक्ति की मौत हुई है वह हावड़ा के मल्लिफाटक के रहने वाले हैं। सोमवार को सांस लेने में काफी तकलीफ होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया था। मंगलवार शाम मौत हो गई थी। देर रात बेलियाघाटा नाइसेड से जांच की रिपोर्ट आई जिसमें उनके संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। उनकी पत्नी, बहू, भाई और भतीजे को अस्पताल में भर्ती किया गया है।

दूसरी तरफ, 24 घंटे के दौरान पीड़ितों की संख्या बढ़कर 27 से 37 हो गई है। हुगली- स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया है कि हुगली जिले के रामपुर वालों अस्पताल में इलाज लोगों के नमूने को जांच में पॉजिटिव निकले हैं। उनकी आयु 47 और 50 साल है। दोनों के नमूने को एसएसकेएम अस्पताल में जांचा गया था। इनकी रिपोर्ट मंगलवार रात आई है। आरजीकर- इसके बाद आरजीकर अस्पताल में इलाजरत 59 साल की महिला की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। उसके भी नमूने को एसएसकेएम अस्पताल में ही जांचा गया था। मेदिनिपुर- पीयरलेस अस्पताल में चिकित्साधीन नयाबाद के अधेड़ के संपर्क में आने से मेदनीपुर के एगरा में एक और व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह एगरा के अस्पताल में भर्ती हैं। नयाबाद का जो अधेड़ पहले संक्रमित हए थे वह एगरा शादी में गया हुआ था।

दमदम- इसके अलावा दमदम के नागेरबाजार में आई एल एस अस्पताल में भर्ती इटली के मिलान से लौटे एक और अधेड़ उम्र के महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। एसएसकेएम अस्पताल में उनके नमूने को जांचा गया था। वह 20 फरवरी को इटली के मिलान से वापस लौटी थी। एक महीने तक कोई संक्रमण नहीं हुआ। 23 मार्च को अचानक उसे तेज बुखार और सर्दी खांसी होने लगी थी। सांस लेने में भी तकलीफ हुई जिसके बाद अस्पताल में भर्ती कर दिया गया था। नमूने को जांच के लिए भेजा गया। जिसके बाद मंगलवार रात आई रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई है। उनके पति को भी अस्पताल में भर्ती किया गया है। उनकी भी रिपोर्ट आज यानी बुधवार की आएगी।।

आर्मी के 3 और लोग संक्रमित- यह जानलेवा कोरोना वायरस भारतीय सेना में भी तेजी से पांव पसार रहा है। दो दिन पहले पूर्वी कमान के कोलकाता कमांड अस्पताल में तैनात चिकित्सक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उसके बाद उनके परिवार के तीन सदस्यों के नमूने जांच के लिए भेजे गए थे। तीनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इन्हें कमांड अस्पताल में भर्ती किया गया है। परिवार के वैसे सात लोग आइसोलेशन में रखे गए थे लेकिन अभी तक तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

Tags

Related Articles

Back to top button
Close