Home Sliderदेशनई दिल्ली

प्रथम प्रधानमंत्री नेहरू को श्रद्धांजलि देते हुए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर साधा निशाना

नई दिल्ली, 14 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस ने मंगलवार को देश के प्रथम प्रधानमंत्री और चाचा नेहरू के नाम से प्रसिद्ध जवाहर लाल नेहरू की 128 जयंती बाल दिवस के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। कांग्रेस ने ट्विटर पर बाल दिवस की बधाई देते हुए कहा, ‘जीवन में चंद चीजें हैं जो हम कभी खरीद नहीं सकते हैं, वो है बचपन। कांग्रेस ने एक अन्य ट्वीट में कहा, बच्चों के साथ स्नेह के साथ रिश्ता रखने वाले करिश्माई नेता जवाहर लाल नेहरू को उनके जयंती के अवसर पर नमन करते हैं।

उनका जन्मदिन भारत के भविष्य के उत्साह और जिज्ञासा का उत्सव है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, ‘आज हम महान करुणामय शख्सियत को याद करते हैं।’ राहुल ने नेहरू के एक मशहूर कथन का उल्लेख भी अपने ट्वीट में किया। जिसमे नेहरू ने कहा था कि जीवन में भय से बुरा और खतरनाक कुछ भी नहीं है। राहुल ने इस ट्वीट के सहारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधा है। इसके अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर, पश्चिम बंगाल मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, नवीन जिन्दल और पांडुचेरी उपराज्यपाल किरण बेदी ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की है।

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री सहित तमाम नेताओं ने पंडित नेहरू को दी श्रद्धांजलि

इससे पहले मंगलवार सुबह पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने शांतिवन में नेहरू की समाधि पर श्रद्धांजलि दी। उल्लेखनीय है कि पंडित नेहरू देश की आजादी के बाद पहली बार 15 अगस्त, 1947 में देश के प्रथम प्रधानमंत्री बने थे। उनका जन्म उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में 14 नवंबर को हुआ था और मृत्यु 27 मई 1964 को हुई थी। नेहरू के जन्मदिन को देश भर में बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। नेहरू 1919 में इंडियन नेशनल कांग्रेस से जुड़े और बाद में महात्मा गांधी के स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ गए थे। नेहरू सितंबर, 1923 में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के महासचिव बने थे। नेहरू भारत के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहे थे।

Related Articles

Back to top button
Close