Home Sliderदेशनई दिल्ली

भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व सांसद नाना पटोले

नई दिल्ली, 11 जनवरी (हि.स.)। महाराष्ट्र के भंडारा गोंदिया से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद नाना पटोले गुरुवार को राहुल गांधी की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हो गए। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी में उनका स्वागत किया है। हालांकि नाना पटोले ने गत 4 जनवरी को ही कांग्रेस में शामिल होने का ऐलान कर दिया था। 

दरअसल, पटोले कई मुद्दों पर केंद्र और महाराष्ट्र सरकार की आलोचना कर चुके हैं। इसी को लेकर वह पार्टी से लगातार नाराज चल रहे थे। उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने का ऐलान करते हुए कहा था कि महाराष्ट्र में दलितों से जुड़े विवाद की वजह से कांग्रेस में शामिल होने में देरी हुई है। नाना पटोले ने गुजरात चुनाव के दौरान बीते 8 दिसंबर, 2017 को भाजपा सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए पार्टी और लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।

इसी के बाद गुरुवार को पटोले ने दिल्ली आकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की और पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पटोले के कांग्रेस में शामिल होने पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
2014 के लोकसभा चुनाव में नाना पटोले ने भंडारा-गोंदिया सीट पर भाजपा उम्मीदवार की हैसियत से जीत दर्ज की थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 2014 में पद संभालने के बाद भाजपा और लोकसभा से इस्तीफा देने वाले नाना पटोले पहले सांसद हैं। 

Related Articles

Back to top button
Close