Home Sliderउत्तर प्रदेशखबरेराज्य

अब हर धर्म के त्यौहार पर बंद रहेंगे मदरसे, सरकार ने जारी किया नया कैलेंडर

लखनऊ, 03 जनवरी :  उत्तर प्रदेश के अनुदान प्राप्त मदरसे अब हर धर्म के त्यौहार पर बंद रहेंगे। अभी तक मदरसों में मुस्लिम त्यौहारों के अलावा केवल होली और आंबेडकर जयंती पर ही अवकाश रहता था।

मदरसा बोर्ड ने अनुदान प्राप्त मदरसों के लिए नया कैलेंडर जारी किया है। इस कैलेंडर में मुस्लिम त्यौहारों की छुट्टियों को कम करके दूसरे धर्म के पर्वों पर भी छुट्टियां शामिल की गई हैं। इसमें गणतंत्र दिवस, गांधी जयंती, महावीर जयंती, बुद्ध पूर्णिमा, रक्षाबंधन, महानवमी, दीवाली, दशहरा और क्रिसमस को भी शामिल किया गया है। शीतकालीन अवकाश 26 दिसम्बर से पांच जनवरी तक रहेगा। 

नये कैलेंडर के अनुसार मदरसों को साल में ईद और मुहर्रम के लिए मिलने वाली 10 विशेष छुट्टियों को घटाकर चार कर दिया गया है। 

मदरसा बोर्ड के सचिव राहुल गुप्ता का कहना है कि नये कैलेंडर के द्वारा मदरसों की छुट्टियों को अन्य सरकारी स्कूलों के समान किया जा रहा है। शासन के निर्देश पर ऐसा इस लिए किया गया ताकि कहीं कोई भेदभाव न रहे। उन्होंने बताया कि नये कैलेंडर में मदरसों के अवकाश में कटौती भी की गयी है। अब तक 92 दिन के अवकाश थे, जिन्हें घटाकर 86 दिन कर दिया गया है।

श्री गुप्ता ने बताया कि नये कैलेंडर में मदरसों के खुलने का समय भी तय किया गया है। अभी तक मदरसों में शिक्षण कार्य के लिए पांच घंटे तय थे। लेकिन, अब वहां एक अप्रैल से 30 सितम्बर तक सुबह 8.30 बजे से अपराह्न एक बजे तक कक्षाएं चलेंगी। बीच में 10.30 बजे से 11 बजे तक भोजनावकाश रहेगा। इसके अलावा पहली अक्टूबर से 31 मार्च तक मदरसों की कक्षाएं सुबह नौ बजे से अपराह्न दो बजे तक चला करेंगी। इस दौरान मध्याह्न 12 बजे से 12.30 बजे तक भोजन के लिए अवकाश होगा। (हि.स.)।

Related Articles

Back to top button
Close