खबरे

अभिनेत्री गीता कपूर को मिला इस घर का सहारा

मुंबई, 31 मई = बीते दौर की अभिनेत्री गीता कपूर को मुंबई में किसी वृद्धाश्रम में भेजने का रास्ता साफ हो गया है। 82 वर्षीय गीता कपूर कुछ दिनों पहले उस वक्त खबरों में आई थीं, जब उनको एक निजी अस्पताल में भर्ती कराकर उनका बेटा राजा कपूर गायब हो गया था।

खबर सार्वजनिक होने के बाद बॉलीवुड के कई लोग उनकी मदद के लिए आगे आए थे। टिप्स म्यूजिक कंपनी के मालिक और फिल्म निर्माता रमेश तौरानी ने अस्पताल का तकरीबन डेढ़ लाख का बिल चुकाया था, जिसके बाद अस्पताल गीता कपूर को डिस्चार्ज करने के लिए तैयार हो गया था। इस मामले की जांच कर रही मुंबई पुलिस ने गीता कपूर को वृद्धाश्रम भेजने के सुझाव का विरोध किया था।

पुलिस की प्राथमिकता थी कि राजा कपूर को खोजा जाए और वो अपनी मां को अपने घर ले जाएं, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। राजा कपूर बॉलीवुड की कई फिल्मों में कोरियोग्राफर के तौर पर काम कर चुके हैं, लेकिन अपनी मां को वे साथ रखने के लिए तैयार नहीं हुए। यही नहीं, मुंबई में गीता कपूर की बेटी भी रहती है, मगर वो भी अपनी मां की मदद के लिए तैयार नहीं हुई। ऐसे में आखिरकार पुलिस ने इस बात को लेकर सहमति दे दी कि अस्पताल से गीता कपूर को किसी वृद्धाश्रम में भेज दिया जाए। जानकारी मिली है कि उनको विरार के एक वृद्धाश्रम में भेजा जाएगा और एक सप्ताह में ये कार्रवाई पूरी कर ली जाएगी। अपने दौर में गीता कपूर ने कमाल अमरोही की ‘पाकिजा’ सहित तमाम बड़ी फिल्मों में काम किया था।

Related Articles

Back to top button
Close