Home Sliderखबरेजम्मूदेशनई दिल्ली

अमरनाथ यात्रा का आठवां जत्था जम्मू से रवाना

जम्मू, 07 जुलाई (हि.स.)। जम्मू कश्मीर में मौसम में सुधार के चलते अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं का आठवां जत्था दो दिन बाद शनिवार को जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हुआ। शनिवार को रवाना होने वाले जत्थे में कुल 2203 श्रद्धालु हैं।

भगवती नगर आधार शिविर से दक्षिण कश्मीर के हिमालय में स्थित अमरनाथ गुफा के दर्शनों के लिए शनिवार सुबह चार बजे के करीब 2203 यात्रियों का आठवां जत्था आधार शिविर भगवती नगर से रवाना हुआ। रवाना होने वाले जत्थे में 1892 पुरुष, 311 महिलाएं शामिल हैं। कुल 51 छोटे-बड़े वाहनों में सवार होकर बम-बम भोले के जयकारे लगाते हुए यहां से निकले।

पिछले कुछ दिनों से राज्य में भारी बारिश के कारण जम्मू से गुरुवार व शुक्रवार को अमरनाथ जाने वाले किसी भी जत्थे को रवाना नहीं किया गया था। साथ ही भारी बारिश के चलते पहलगाम तथा बालटाल आधार शिविरों से भी श्रद्धालुओं को आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई थी। मौसम में सुधार को देखते हुए शुक्रवार शाम को पहलगाम आधार शिविर से श्रद्धालुओं को आगे पैदल यात्रा करने की अनुमति दे दी गई है, जबकि बालटाल में अभी भी यात्रा को रोका गया है।

शनिवार को जम्मू से निकले जत्थे में उत्साह की कोई कमी नहीं थी तथा श्रद्धालु बम-बम भोले के जयकारे लगाते नाचते-गाते रवाना हुए। 60 दिनों तक चलने वाली अमरनाथ यात्रा 26 अगस्त को रक्षाबंधन वाले दिन समाप्त होगी।

Related Articles

Back to top button
Close