Home Sliderदेशनई दिल्ली

आप सांसदों ने गांधी प्रतिमा के आगे प्रदर्शन कर संसद में किया प्रवेश

नई दिल्ली, 29 जनवरी (हि.स.) । बजट सत्र के पहले दिन और पहली बार सदन पहुंचे आम आदमी पार्टी (आप) के नवनिर्वाचित राज्यधसभा सांसदों ने संसद परिसर में प्रदर्शन किया। लाभ के पद मामले में घिरी दिल्ली सरकार के 20 विधायकों की बर्खास्तगी मामले में इन सांसदों ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अभिभाषण का बहिष्कार करते हुए गांधी प्रतिमा के आगे तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली में आप के विधायकों का निलंबन नाजायज है। ये तानाशाही है। इसे नहीं चलने देंगे। उन्होंने कांग्रेस को लेकर कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस के ऊपर जब मुश्किल आई थी तो आम आदमी पार्टी ने उनका साथ दिया था। यह कांग्रेस के विवेक पर है कि वह क्या करे| आप विधायकों के साथ ज्यादती हो रही है। आप को आम आदमी, आम व्यापारी चलाता है| इसलिए हम उनके दमन के खिलाफ हर मौके पर आवाज़ उठाने और सड़क से संसद तक संघर्ष के लिए प्रतिबद्ध हैं।

खास बात ये है कि राजधानी दिल्ली की सत्ता और राज्यसभा तक पहुंची आम आदमी पार्टी विरोध-प्रदर्शन और धरने से यहां तक पहुंची और तीनों राज्यसभा सांसद संजय सिंह, सुशील गुप्ता और एनडी गुप्ता ने राज्यसभा में प्रवेश के पहले दिन भी प्रदर्शन किया। इसके साथ ही संसद सदस्य के रूप में शपथ भी ग्रहण की।

Related Articles

Back to top button
Close