खबरेस्पोर्ट्स

ऑस्ट्रेलियाई हॉकी लीग के लिए भारतीय दल रवाना

नई दिल्ली, 23 सितंबर (हि.स.)। भारत की ‘ए’ महिला और पुरूष हॉकी टीम 28 सितम्बर से शुरू हो रहे ऑस्ट्रेलियाई हॉकी लीग (एएचएल) में हिस्सा लेने के लिए शनिवार को ऑस्ट्रेलिया रवाना हो गई। इस लीग में कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी। 

भारतीय ए पुरूष टीम की कमान गोलकीपर विकास दहिया के हाथों में है। टीम में 2016 जूनियर विश्वकप के नायक हरजीत सिंह, सिमरनजीत सिंह, अरमान कुरेशी, कृष्ण पाठक, गुरिंदर सिंह, सांता सिंह, निलकांत शर्मा, विक्रमजीत सिंह जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। इनके अलावा टीम में सीनियर भारतीय टीम के सदस्य तलविंदर सिंह और अफान यूसुफ भी शामिल हैं। 

टीम की रवानगी से पहले कप्तान दहिया ने कहा कि मुझे लगता है कि हमारे पास कई खिलाड़ी हैं जो चार साल से अधिक समय तक खेल चुके हैं। खिलाड़ियों के बीच एक बड़ी समझ है और हम ऑस्ट्रेलिया में चुनौती के लिए अच्छी तैयारी कर चुके हैं। हम एक अच्छे प्रदर्शन के लिए तैयार हैं। 

वहीं, हॉकी विश्व लीग सेमीफाइनल में वरिष्ठ महिला टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करने वाली भारत ‘ए’ महिला टीम की कप्तान प्रीती दुबे ने कहा कि एएचएल युवा खिलाड़ियों के लिए मील का पत्थर साबित होगी। यह पहली बार है कि भारत की महिला टीम एएचएल के लिए भेजी जा रही है, खिलाड़ियों के बीच बहुत उत्साह है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए यह लीग मुश्किल ऑस्ट्रेलियाई परिस्थितियों में मजबूत विरोधियों के खिलाफ अपनी क्षमताओं का परीक्षण करने के लिए एक मंच होगा। ऑस्ट्रेलियाई तेजी से खेलते हैं और आक्रमण करते हैं हालांकि हमारा उद्देश्य सभी विभागों में अच्छा प्रदर्शन करना है, लेकिन एएचएल बहुत ही अच्छा मंच है क्योंकि हम में से ज्यादातर लोगों को तेजी से अंतरराष्ट्रीय हॉकी को समझने में मदद मिलेगी। 

भारत ‘ए’ पुरुष टीम 29 सितंबर को पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगी जबकि महिलाएं उसी दिन अपने पहले मैच में विक्टोरिया से भिड़ेंगी। 

Related Articles

Back to top button
Close