Home Sliderखबरेदेशनई दिल्ली

कासगंज हिंसा और दिल्ली में सीलिंग को लेकर राज्यसभा में हंगामा

नई दिल्ली, 02 फरवरी (हि.स.)। राज्यसभा में आज उत्तर प्रदेश के कासगंज में हुई हिंसा और दिल्ली में सिलिंग को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और आम आदमी पार्टी (आप) के सदस्यों ने हंगामा किया जिसके कारण कार्यवाही को पूर्वाह्न 12 बजे तक के लिए स्थगित करना पड़ा।

सुबह सदन की बैठक शुरू होते ही उपसभापति पी. जे. कुरियन ने आवश्यक विधायी कार्य निपटाने के बाद शून्यकाल शुरु करने का प्रयास किया तो समाजवादी पार्टी के नेता रामगोपाल यादव ने कहा कि उत्तरप्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति की लगातार खराब हो रही है। अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। उनके समर्थन में सपा के अन्य सदस्य भी खड़े हो गए। श्री यादव ने कहा कि साक्ष्यों से यह जाहिर हो गया है कि कासगंज में हत्या की वारदात किसने की| इसके बावजूद पुलिस अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों की मनमाने तरीके से गिरफ्तारी कर रही है। 

इसी बीच आम आदमी पार्टी (आप) के नवनिर्वाचित तीन सांसदों ने संजय सिंह की अगुवाई में दिल्ली में सीलिंग का मुद्दा उठाया और अध्यक्ष के आसन की ओर बढ़ने लगे। 

श्री कुरियन ने सपा नेता रामगोपाल यादव को टोकते हुए कहा कि इस मुद्दे पर नोटिस नहीं दिया गया है| इसलिए इस पर चर्चा की अनुमति नहीं दी जा सकती। इसके बाद सपा के अन्य सदस्य नारे लगाते अध्यक्ष के आसन के समक्ष आ गए। उप सभापति ने सदस्यों से शांत होने की अपील करते हुए कहा कि यह शून्यकाल का समय है।

दूसरी ओर, सपा के सदस्य ‘दंगों की राजनीति बंद करो’ और आम आदमी पार्टी के सदस्य दिल्ली में सीलिंग बंद करो’के नारे लगाते रहे। संसदीय कार्य राज्यमंत्री विजय गोयल ने कहा कि विपक्ष को सदन चलाने में सहयोग करना चाहिए। श्री कुरियन सदस्यों से बार बार शांत होने, अपनी सीटों पर लौटने और शून्यकाल चलने देने की अपील करते रहे लेकिन इसका कोई असर होते नहीं देख उन्होंने सदन की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित कर दी।

दोपहर 12 बजे कार्यवाही दोबारा शुरु होने पर आम आदमी पार्टी के सदस्यों ने राजधानी में रिहायशी इलाकों में दुकानों की सीलिंग का मुद्दा फिर उठाया। संसदीय कार्यमंत्री विजय गोयल ने आप सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि अभी-अभी आए इन सदस्यों ने सदन की कार्यवाही में बाधा डालना शुरु कर दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर बहस के लिए तैयार है। बशर्ते इस बारे में कोई नोटिस दिया जाए।

शोरगुल के बीच नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद ने कहा कि दिल्ली लोकसभा और राज्यसभा सदस्यों का दूसरा घर है। दिल्ली में लोगों को उजाड़ने की कार्यवाही बंद होनी चाहिए। सांसदों को इस संबंध में सरकार से आग्रह करना चाहिए। श्री आजाद के संबोधन के बाद सदन की कार्यवाही सामान्य रूप से शुरु हो गई।

Related Articles

Back to top button
Close