Home Sliderखबरेदेशनई दिल्ली

गणतंत्र दिवस पर दिखा महिला शक्ति और सांस्कृतिक धरोहर का वैभव

बीएसएफ की महिला बाइक टीम ‘सीमा भवानी’ का राजपथ पर प्रदर्शन रहा आकर्षण का केंद्र

नई दिल्ली, 26 जनवरी (हि.स.)। गणतंत्र दिवस के मौके पर शुक्रवार को राजपथ पर देश की सैन्य शक्ति, सांस्कृतिक धरोहर के साथ-साथ आसियान के सभी दस देशों के राष्ट्राध्यक्षों की मौजूदगी से कूटनीतिक ताकत का नजारा भी दिखाई दिया। राज्य, केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्रीय मंत्रालयों सहित कुल 23 झांकियां निकलीं। इसमें देश के विभिन्न राज्यों के रंग, सांस्कृतिक वैभव और सामाजिक चेतना के साथ अनेकता में एकता का भाव झांकियों के माध्यम से देखने को मिला। 

kbn 10 PM-Modi_ASAN

गणतंत्र दिवस समारोह में पहली बार एक विदेशी मेहमान के स्थान पर 10 आसियान देशों के राष्ट्राध्यक्ष बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। इसके चलते राष्ट्रपति के सलामी मंच को इस बार अधिक बड़ा बनाया गया था। म्यांमार, कंबोडिया, वियतनाम, लाओस पीडीआर, सिंगापुर, ब्रुनेई, थाईलैंड, इडोनेशिया, फिलीपींस और मलेशिया के राष्ट्राध्यक्ष राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ मंच पर एक साथ बैठे नजर आए |

गणतंत्र दिवस समारोह पर मोदी की ऐतिहासिक पहल, आसियान के 10 राष्ट्राध्यक्ष मुख्य अतिथि

इसके अलावा परेड देखने केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, स्मृति ईरानी, रविशंकर प्रसाद, अरुण जेटली, विजय गोयल, जितेंद्र सिंह, अर्जुन राम मेघवाल, राज्यवर्धन सिंह राठौड़, जयंत सिन्हा, भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी भी पहुंचे थे। 

BSF-Women
परेड में पहली बार शामिल हुई सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की मोटरसाइकिल सवार महिला टुकड़ी मुख्य आकर्षण रही। बीएसएफ की महिला बाइक टीम ‘सीमा भवानी’ में 113 कमांडों थीं, उन्होंने हैरतअंगेज करतब दिखाकर महिला सशक्तिकरण का नायाब नमूना पेश किया। वहीं विदेश मंत्रालय की झांकी में भारत और आसियान देशों के संबंधों को दर्शाया गया। राजपथ पर वायुसेना के फ्लाईपास्ट में पहली बार शामिल हुए रूद्र लड़ाकू हेलिकॉप्टर और अन्य विमानों के करतब एवं गर्जना ने वहां मौजूद लोगों को खासा रोमांचित किया। साथ ही स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत और उसके मॉरकोस कमांडो आकर्षण का केंद्र बने। समारोह में दिल्ली पुलिस का दस्ता भी राजपथ पर परेड में शामिल हुआ।
BSF-motor-cycle-women-

‘खेलो इंडिया’ थीम पर तैयार युवा एवं खेल मंत्रालय की झांकी भारतीय खेल और उसमें अपनी पहचान बनाने वाले खिलाड़ियों के करतब को दिखाया गया। वित्त मंत्रालय की झांकी में ई-फाइलिंग और स्वच्छ धन भुगतान का प्रदर्शन किया गया। केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) की झांकी में फूलों के माध्यम से दीपावली के त्योहार को दर्शाया गया। समारोह में आकाशवाणी की झांकी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मासिक कार्यक्रम मन की बात के साथ राजपथ पर पहुंची। 

indian-farming-parade

इसके अलावा, दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-5 के माउंट आबू पब्लिक स्कूल के 150 छात्र-छात्राओं ने 10 आसियान देशों की वेशभूषा में वहां के लोक नृत्यों का प्रदर्शन किया। वहीं जहांगीर पुरी के राजकीय कन्या विद्यालय की 155 छात्राओं ने पांच राज्यों का लोकनृत्य प्रस्तुत किया। नई दिल्ली के ऑक्सफोर्ड फाउंडेशन स्कूल, नजफगढ़ के छात्रों ने शिक्षित भारत, सशक्त भारत का संदेश दिया। 

mahatma-gandhi-
गुजरात की झांकी में साबरमती आश्रम की गतिविधियों को दिखाया गया। केरल की झांकी में वहां के वास्तुशिल्प और कला कौशल का प्रदर्शन देखने को मिला। उत्तर पूर्व सांस्कृतिक केन्द्र, दीमापुर के छात्रों ने संगराई नृत्य, दक्षिण मध्य सांस्कृतिक केन्द्र द्वारा नागपुर के बारदी लोक नृत्य की प्रस्तुति की गई।

देश के सभी राज्यों के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी।

Related Articles

Back to top button
Close