Home Sliderखबरेदेशनई दिल्ली

गन्ना किसान परेशान हैं और मोदी पाकिस्तानी चीनी मंगवा रहे हैं: सुरजेवाला

नई दिल्ली (ईएमएस)। कांग्रेस ने सरकार से किसानों के कर्ज माफ करने की मांग की और आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी सरकार देश के गन्ना किसानों की परेशानी पर ध्यान देने की बजाय पाकिस्तान से चीनी का आयात कर रही है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, देश भर के 130 से अधिक किसान संगठन मोदी सरकार की किसान विरोधी नीतियों के चलते एक से दस जून तक ‘गांव बंदी’ आंदोलन कर रहे हैं। यह पहला अवसर नहीं है कि किसानों ने भाजपा सरकार के प्रति अपना रोष प्रकट किया है। बीते चार सालों से यही हालत है। किसान सड़कों पर आंदोलित दिखाई देता है। मगर सरकार के अहंकार का आलम यह है कि वह किसानों की मांगों का संज्ञान लेने की बजाय कभी उनके सीने में गोलियां उतार देती है, तो कभी उन्हें जेलों में ठूंस देती है।

मोदी सरकार ने किसानों को धोखा देते हुए देश के उच्चतम न्यायालय में 6 फरवरी, 2015 को शपथ पत्र दिया कि अगर स्वामीनाथन कमीशन की ‘लागत का 50 फीसदी से ज्यादा समर्थन मूल्य’ देने की सिफारिश को स्वीकार किया गया तो बाजार बिगड़ जाएगा। इसका मतलब यह है कि मोदी सरकार किसानों की अपेक्षा जमाखोरों और बिचौलियों के पक्ष में खड़ी है। उन्होंने कहा, गन्ना किसानों की दुर्दशा का भी यही हाल है। देश के गन्ना किसानों का लगभग 20 हज़ार करोड़ रुपया बकाया है। मूल कारण यह है कि शक्कर के अच्छे उत्पादन के बाद भी शक्कर का भाव धराशायी हो गया है। मोदी जी ने पाकिस्तान से बड़ी मात्रा में शक्कर का आयात करवा कर देश के गन्ना किसानों के जीवन में कड़वाहट घोल दी है। उन्होंने सवाल किया कि मोदी सरकार जब अपने कुछ धनपतियों का लाखों करोड़ का कर्ज माफ़ कर सकती है तो किसानों का कर्ज क्यों माफ़ नहीं कर सकती?

Related Articles

Back to top button
Close