खबरेनई दिल्लीराज्य

थाने के अंदर ही हेडकांस्टेबल ने खुद को मारी गोली, सुसाइड नोट बरामद

नई दिल्ली, 28 अगस्त : दक्षिण पश्चिम जिले के दिल्ली कैंट थाने में एक हेडकांस्टेबल ने खुद को गोली मार ली। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। 

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, घायल की पहचान प्रमोद कुमार (46) के रूप में हुई है। पुलिस को प्रमोद के पास से एक सुसाइड नोट मिला है। जिसमें लिखा है कि मैं अपनी पत्नी व बच्चों को खुश नहीं रख पाया। फिलहाल पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, प्रमोद परिवार के साथ नजफगढ़ में रहते हैं। 

वह दिल्ली पुलिस में 1995 में बतौर कांस्टेबल भर्ती हुए थे। फिलहाल प्रमोद की तैनाती दिल्ली कैंट थाने के मालखाने में हैं। मूलत: एमपी के रहने वाले हैं। परिवार में पत्नी व दो बच्चे हैं। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, प्रमोद की पत्नी भी दिल्ली पुलिस में बतौर हेडकांस्टेबल कार्यरत है। फिलहाल पत्नी की तैनाती मोती नगर थाने में हैं। 

पुलिस के अनुसार, प्रमोद बीती रात करीब 10.30 बजे थाने में थे। इसी बीच अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। गोली चलते ही थाने के अन्य स्टाफ ने प्रमोद को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां प्रमोद की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रमोद ने खुद को सर्विस पिस्टल से गोली मारी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

Related Articles

Back to top button
Close