खबरेविदेश

पकिस्तान में विस्फोट, 2 बच्चे समेत 10 की मौत

पराचिनार, 25 अप्रैल (हि.स.)। अफगानिसतान की सीमा से सटे उत्तरी पाकिस्तान के कुर्रम जनजातीय जिले में मंगलवार को एक मिनी बस को निशाना बनाकर किए गए सड़क किनारे विस्फोट में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। मृतकों में दो बच्चे भी शामिल हैं। यह जानकारी मीडिया रिपोर्ट से मिली।

समाचार एजेंसी रॉयटर के अनुसार घायलों को कुर्रम जिले मुख्यालय पराचिनार स्थित अस्पताल भेज दिया गया है,जिनमें कुछ की हालत गंभीर है। बस में दो जनगणना कर्मचारी भी सवार थे। स्थानीय मीडिया के अनुसार, पूर्व में जनगणना कर्मचारियों को आतंकी निशाना बनाते रहे हैं। लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उनकी उपस्थिति के कारण मिनी बस को निशाना बनाया गया।

उल्लेखनीय है कि इस इलाके में कई हमले हुए हैं। गत मार्च महीने में हुए कार बम विस्फोट में 24 लोगों की मौत हो गई थी। इससे पहले जनवरी महीने में भी विस्फोट हुआ था जिसमें 20 लोग मारे गए थे। पाकिस्तान तालिबान ने हमले की जिम्मेवारी ली थी।

विदित हो कि पराचिनार शिया बहुल इलाका है। यही वजह है कि कुर्रम जिला सांप्रदायिक झड़पों के लिए कुख्यात है। साथ ही सुन्नी आतंकी भी इस इलाके को अक्सर निशाना बनाते रहते हैं।

Related Articles

Back to top button
Close