खबरेस्पोर्ट्स

प्रीती दुबे को मिली भारतीय महिला हॉकी ए टीम की कमान

नई दिल्ली, 19 सितम्बर (हि.स.)। हॉकी इंडिया ने मंगलवार को 28 सितम्बर से शुरू होने वाले ऑस्ट्रेलियाई हॉकी लीग 2017 (महिला) के लिए 18 सदस्यीय भारतीय महिला ए टीम की घोषणा कर दी है। फॉरवर्ड खिलाड़ी प्रीती दुबे को टीम की कमान सौंपी गई है। जबकि उदिता को उपकप्तान बनाया गया है। 

यह पहली बार है जब भारतीय महिला ए हॉकी टीम ऑस्ट्रेलियाई हॉकी लीग (महिला) में भाग लेगी। टूर्नामेंट में कुल 10 टीमों को दो वर्गों में बांटा गया है। भाग ले रही 10 टीमों में क्वींसलैंड, विक्टोरिया, उत्तरी क्षेत्र, दक्षिण ऑस्ट्रेलिया, पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया, न्यू साउथ वेल्स, तस्मानिया, ऑस्ट्रेलियाई कैपिटल टेरीटरी, न्यूजीलैंड डेवलपमेंट और भारत ए टीम शामिल है। भारतीय टीम विक्टोरिया, न्यू साउथ वेल्स, दक्षिण ऑस्ट्रेलिया और तस्मानिया के साथ पूल ए में शामिल है। भारतीय टीम 29 सितंबर को विक्टोरिया के खिलाफ मैच से अपने अभियान की शुरुआत करेगी।

टीम में गोलकीपर के तौर पर दिव्या थेपे और बिछू देवी खारीबम को शामिल किया गया है, जबकि रक्षा पंक्ति में नीलू दडिया, अस्मिता बारला, प्रियंका, सुमन देवी थोदम और सलीमा टेटे शामिल हैं। 

जूनियर महिला टीम के कोच बलजीत सैनी ने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई हॉकी लीग में हिस्सा लेने से निश्चित रूप से हमारी टीम को फायदा होगा, क्योंकि वे शीर्ष-स्तरीय खिलाड़ियों के खिलाफ खेलेंगे। 

टीम इस प्रकार है-

गोलकीपर : दिव्या थेपे, बिछू देवी खारीबम।
डिफेंडर : नीलु ददिया, अस्मिता बारला,प्रियंका, सुमन देवी थोदम, सलीमा टेटे।
मिडफील्डर : उदिता (उपकप्तान), इशिका चौधरी, महिमा चौधरी, गगनदीप कौर, निलंजीली राय, मारियाना कुजुर।
फॉरवर्ड : प्रीती दुबे (कप्तान), संगीता कुमारी, ज्योति, नवप्रीत कौर और मुमताज खान।

Related Articles

Back to top button
Close