खबरे

बीसीसीआई ने खेल रत्न पुरस्कार के लिए भेजा विराट का नाम

नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने विराट कोहली का नाम खेल रत्न पुरस्कार के लिए खेल मंत्रालय के पास भेजा है। हर साल 29 अगस्त को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है और इसी मौके पर राष्ट्रीय खेल पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं।

खेल रत्न पुरस्कार देश का सर्वोच्च राष्ट्रीय खेल पुरस्कार है। जुलाई या अगस्त में होने वाली स्पोर्ट्स अवॉर्ड्स कमिटी की बैठक में खेल पुरस्कारों पर फैसला होता है। साल 1991 से शुरू किया गया खेल रत्न पुरस्कार अब तक केवल 34 खिलाड़ियों को दिया गया है। इनमें केवल दो क्रिकेटर शामिल हैं। 1997-98 के लिए सचिन तेंडुलकर जबकि 2007 में महेंद्र सिंह धोनी को यह पुरस्कार मिला था।

अगर विराट को इस बार चुना जाता है तो वह खेल रत्न सम्मान पाने वाले तीसरे क्रिकेटर होंगे। वहीं महान बल्लेबाज सुनील गावसकर का नाम ध्यानचंद लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड के लिए भेजा गया है। अब तक 51 खिलाड़ियों को यह सम्मान दिया गया है हालांकि, इनमें एक भी क्रिकेटर शामिल नहीं हैं।

Related Articles

Back to top button
Close