उत्तर प्रदेशखबरेराज्य

भाजपा कार्यालय में शुरू हुआ जनता दरबार, पहले दिन मंत्री शाही ने सुनी जन समस्याएं

लखनऊ, 01 मई (हि.स.)। भाजपा के उत्तर प्रदेश मुख्यालय में सोमवार से जनता दरबार कार्यक्रम की शुरुआत हुई। पहले दिन प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने जनता दरबार में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनी और उनके निराकरण का आश्वासन दिया।

कैबिनेट मंत्री शाही लखनऊ स्थित भाजपा मुख्यालय आज करीब दस बजे पहुंचे और वहां जुटे लोगों की एक-एक करके सबकी समस्याएं सुनी। शाही योगी की कैबिनेट में कृषि मंत्री हैं। भाजपा कार्यालय में आज सुबह से ही काफी संख्या में फरियादी पहुंचे थे। मंत्री से मिलने से पहले सभी फरियादियों के नाम व पते भी दर्ज किए गए। इस दौरान पार्टी संगठन के लोग भी फरियादियों की समस्याओं से अवगत हो रहे थे।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश की सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पार्टी कार्यालय में प्रतिदिन सुबह दस बजे से मध्याह्न 12 बजे तक जनता दरबार लगाने का निर्णय लिया है। इस दौरान सरकार का कोई मंत्री वहां उपस्थित रहकर लोगों की समस्याएं सुनेगा। पार्टी संगठन और योगी सरकार के इस संयुक्त निर्णय के बाद सोमवार को जनता दरबार की शुरुआत हुई।

उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी जन समस्याओं के निराकरण के लिए अब सांसदों और विधायकों से भी मिलने का दिन, समय व स्थान निर्धारित कर दिया है। वह हर शुक्रवार को एक घंटे सांसदों से और हर सोमवार, गुरुवार को एक-एक घंटे विधायकों से मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री से मुलाकात का यह समय एनेक्सी में अपराह्न 4 बजे से 5 बजे तक रहेगा।

मुख्यमंत्री ने इसके लिए सभी सांसदों व विधायकों को पत्र भी लिखा है। इस पत्र के माध्यम से उन्होंने कहा है कि सभी जनप्रतिनिधि मुलाकात के समय अकेले ही आएं और अपने क्षेत्र की समस्याओं से उन्हें अवगत करायें।

Related Articles

Back to top button
Close