उत्तर प्रदेशखबरेराज्य

भाजपा, सपा और कांग्रेस के मेयर प्रत्याशियों ने अन्तिम दिन किया नामांकन

लखनऊ, 07 नवम्बर (हि.स.) : प्रदेश में निकाय चुनाव को लेकर नामांकन के अन्तिम दिन मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस सहित अन्य दलों के मेयर प्रत्याशियों ने नामांकन किया। इनमें कांग्रेस के अचानक प्रत्याशी बदलने के कारण ऊहापोह की स्थिति रही। 

भाजपा की मेयर पद की प्रत्याशी संयुक्ता भाटिया ने नामांकन के लिए रवाना होने से पहले पार्टी कार्यालय परिसर में स्थित मन्दिर में दर्शन किया। इसके बाद वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ जुलूस लेकर नामांकन करने पहुंची। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेन्द्र नाथ पाण्डेय भी मौजूद थे। वहीं उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, विधायक सुरेश श्रीवास्तव और पंकज सिंह तथा पूर्व मंत्री लालजी टण्डन ने प्रस्तावक की भूमिका निभायी। 

इस मौके पर पार्टी प्रत्याशी संयुक्ता भाटिया ने कहा कि वह केन्द्र की नरेन्द्र मोदी और प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के काम और भावी विकास योजनाओं को लेकर जनता के बीच जायेंगी। उन्होंने कहा कि चुनाव में विकास ही हमारा अहम मुद्दा होगा। हम सबका साथ-सबका विकास की बात करेंगे। हमें यकीन है कि भाजपा एक बार फिर जनता का भरोसा जीतने में सफल होगी। 
संयुक्ता भाटिया पूर्व विधायक स्व. सतीश भाटिया की पत्नी हैं और लम्बे समय से भाजपा महिला मोर्चा में सक्रिय हैं। इसके अलावा वह राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) की राष्ट्रीय सेविका संघ सहित अन्य महिला संगठनों से जुड़ी हुई हैं और उ.प्र. महिला आयोग की सदस्य भी हैं। 

मेयर पद के टिकट की रेस में वह शुरूआत से ही सबसे आगे चल रहीं थी। उनको लेकर पार्टी संगठन और संघ का बेहद सकारात्मक पक्ष था। यही वजह रही कि पहली बार मेयर प्रत्याशी के नामांकन के मौके पर न सिर्फ पार्टी बल्कि संघ के अनुषांगिक संगठनों से जुड़े प्रतिनिधि भी मौजूद दिखायी दिये। 

लखनऊ के मंत्री-विधायक रहे मौजूद

इस मौके पर उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा सहित लखनऊ के मंत्री-विधायक मौजूद रहे। इनमें प्रमुख रूप से कैबिनेट मंत्री रीता बहुगुणा जोशी, गोपाल टण्डन, ब्रजेश पाठक, मंत्री स्वाति सिंह विधायक नीरज बोरा, मोहनलालगंज से सांसद कौशल किशोर विधायक पंकज सिंह, लखनऊ निकाय प्रभारी अशोक कटारिया महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा सहित ब्रजेश पाठक की पत्नी नम्रता पाठक, सुधीर हलवासिया की पत्नी माधुरी हलवासिया, पूर्व पार्षद रंजना द्विवेदी आदि रहीं। 

कार्यकर्ताओं के साथ नामांकन करने पहुंची मीरा वर्धन

वहीं सपा की मीरा वर्धन के भी नामांकन जुलूस में बड़ी संख्या में पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। नामांकन के दौरान पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्रा सहित अन्य नेता मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि मेरा चुनाव में यही मुद्दा है कि मैं लोगों के बीच में रहकर काम करूंगी। मीधा वर्धन शिक्षाविद, लखनऊ विश्वविद्यालय और बीएचयू के कुलपति तथा सांसद विधायक रहे चुके आचार्य नरेन्द्र देव के पौत्र यशोवर्धन की पत्नी है। 

कांग्रेस ने ऐन वक्त पर बदला प्रत्याशी, प्रेमा अवस्थी पर लगाया दांव

उधर कांग्रेस से लखनऊ मेयर पद के लिए नामांकन करने पहुंची पूर्व आईएएस कुसुम शर्मा उस समय अंचभित नजर आयीं, जब उन्हें पता चला कि पार्टी ने उनकी जगह प्रेमा अवस्थी को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। हालांकि कुसुम शर्मा ने इसकी जानकारी नहीं होने की बात कहकर जल्दबाजी में अधूरा पर्चा ही दाखिल किया। नामांकन कक्ष में भीड़ बढ़ने और मीडिया के सवालों के बीच कुसुम शर्मा बेहोश भी हो गईं। वहीं प्रेमा अवस्थी ने कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी के तौर पर नामांकन किया। 

वह पूर्व विधायक स्व. सुरेन्द्र नाथ अवस्थी ‘पुत्तू अवस्थी’ की पत्नी हैं। पुत्तू अवस्थी का नाम प्रदेश की चर्चित राजनैतिक हस्तियों में था। उन्होंने बाराबंकी की हैदरगढ़ विधानसभा से विधायक रहते हुए अपनी सीट तत्कालीन मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह के लिए छोड़ दी थी। जिसके बाद उपचुनाव में राजनाथ हैदरगढ़ से विजयी हुये थे। अपने नामांकन के बाद प्रेमा अवस्थी ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने मुझे टिकट दिया है। कांग्रेस पार्टी की अधिकृत प्रत्याशी के रूप में मैने नामांकन कर दिया है। हमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का आर्शीवाद प्राप्त है। सभी के सहयोग से हम चुनाव में उतरे हैं। खास बात रही कि कुसुम शर्मा और प्रेमा अवस्थी दोनों के ही साथ कांग्रेस नेता नदारद थे। 
अन्य दलों व निर्दलीय ने भी किया नामांकन

इसके अलावा सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी से सावित्री राजभर ने भी मेयर पद के लिए नामांकन किया। सुहेलदेव भासपा प्रदेश सरकार में भाजपा का सहयोगी दल है। जिसने भाजपा से समझौते की बात नहीं बनने पर अपने प्रत्याशी खड़े किये हैं। वहीं डा. नलिनी खन्ना ने नैतिक पार्टी, अनीता कनौजिया ने सब समान पार्टी, लज्जावती और तबस्सुम सिद्दीकी ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मेयर पद के लिए नामांकन पत्र भरा।

Related Articles

Back to top button
Close