Home Sliderखबरेमहाराष्ट्रमुंबईराज्य

महाराष्ट्र : मुंबई-कल्याण-पुणे में बारिश ने बरपाया कहर ,दीवार गिरने से 21 लोगों की मौत

मुंबई, 02 जुलाई :  महाराष्ट्र में बारिश ने कहर बरपाया हुआ है। पिछले चार-पांच दिनों से हो रही भारी बारिश ने महाराष्ट्र में जहां कई जाने ले लीं, वहीं राज्य की रफ्तार को भी धीमा कर रखा है। सोमवार देर रात भी मुंबई के मलाड, ठाणे जिले के कल्याण और पुणे के सिंहगढ़ कॉलेज के पास दीवार गिरने से 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल(एनडीआरएफ) और स्थानीय प्रशासन की मदद से बचाव कार्य जारी है। मलाड के पिंपरीपाड़ा हादसे के मृतकों को सरकार की ओर से पांच लाख रुपये की मदद की घोषणा की गई है। साथ ही लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए राज्य सरकार ने मुंबई, नवी मुंबई औऱ ठाणे जिले के स्कूलों-कॉलेजों में सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है।

मलाड में गिरी दीवार, 13 की मौत


राज्य में लगातार हो रही बारिश ने जहां जनजीवन प्रभावित किया है, वहीं दीवार ढहने, करंट लगने की घटनाओं में राज्य में अब तक 50 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। सोमवार देर रात मलाड के पिंपरीपाडा झोपड़पट्टी में दीवार ढहने से 13 लोगों की मौत हो गई और 13 लोग घायल हुए। घायलों में चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने की मुआवजे की घोषणा


मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मलाड में दीवार गिरने से मरने वाले लोगों के लिए दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस हादसे के बारे में सुनकर दुख हुआ। मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्यारों को खो दिया। मुख्यमंत्री ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की। इस दौरान उन्होंने मृतक आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपये दिए जाने की घोषणा की। 

कल्याण में स्कूल की दीवार गिरने से 3 की मौत


ठाणे जिले के कल्याण में नेशनल ऊर्दू स्कूल की दीवार ढहने से तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में दीवार के पास झोपड़ी में रहने वाली दो महिलाएं और एक तीन वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि हादसे में 16 वर्षीय किशोरी घायल है। कल्याण डोंबिवली महानगर पालिका प्रशासन और स्थानीय पुलिस की ओर से बचाव कार्य किया जा रहा है। मृतकों में शोभा कांबले(60), करीना मोहम्मद चांद(25) और हुसैन मोहम्मद चांद(3) शामिल हैं। घायल आरती राजू कर्डिले(16) रुक्मिणीबाई अस्पताल में इलारत है।

पुणे में भी गिरी दीवार, छह मजदूरों की मौत


भारी बारिश से दीवार गिरने की तीसरी घटना पुणे के वडगांव बुद्रुक स्थित सिंहगढ़ कॉलेज परिसर की है। यहां कॉलेज की एक दीवार ढहने से छह मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों में एक महिला और एक बच्चा शामिल हैं। बीते शनिवार पुणे के कोंढवा इलाके में तालाब मस्जिद के पास दीवार के गिरने के हादसे में 17 लोगों की जान गई थी।

उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र में भारी बारिश का आलम यह है कि सड़कें जलमग्न हैं, जिससे राज्य की रफ़्तार धीमी हो गई है। कई जगह रेलवे ट्रैक पर पानी भर गया है, ट्रेनें धीमी चल रही हैं और कई को रद्द कर दिया गया है। भारी बारिश का असर उड़ानों पर भी पड़ा है। मौसम विभाग ने अभी पांच जुलाई तक ऐसे ही बारिश होने की संभावना जताई है। बारिश से बिगड़ते हालातों को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने दो जुलाई,मंगलवार को सार्वजनिक छुट्टी का ऐलान किया है। 

/

मुसलाधार बारिश से पालघर जिले में जन जीवन हुवा अस्त व्यस्त, सड़के और वेस्टर्न रेलवे हुई ठप्प….

Related Articles

Back to top button
Close