Home Sliderखबरेमहाराष्ट्रमुंबईराज्य

मुंबई में अंधेरी स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज गिरने से पश्चिम रेलवे की सेवा ठप, 2 घायल

मुंबई, 03 जुलाई (हि.स.)। अंधेरी स्टेशन के पास पूर्व व पश्चिम क्षेत्र को जोड़नेवाला गोपालकृष्ण गोखले पुल का हिस्सा मंगलवार को सुबह 7 बजकर 40 मिनट पर अचानक गिर गया, जिससे पश्चिम रेलवे की लोकल सेवा ठप हो गई है। इस घटना में 2 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। यहां पुल के मलवे में कुछ लोगों के दबने की आशंका जताई जा रही है और फायर ब्रिगेड के जवान मलबा हटाने का काम कर रहे हैं। 

मिली जानकारी के अनुसार मुंबई में सोमवार से ही जोरदार बारिश हो रही है। इसी बारिश की वजह से मंगलवार को सुबह गोखले पुल का हिस्सा प्लेटफार्म क्रमांक 7 व 8 के बीच गिर गया। इससे यहां ओव्हर हेड वायर भी टूट गया। पुल का हिस्सा यहां रेलवे की पटरियों पर भी गिर गया है। इस तरह ओव्हर वायर व पटरी पर मलबा जमा होने की वजह से पश्चिम रेलवे की सेवा ठप कर दी गई है। विरार से गोरेगांव तक व चर्चगेट से बांद्रा तक पश्चिम रेलवे की सेवा आंशिक रुप से चल रही है।

मंगलवार को कामकाजी दिन होने की वजह से मुंबई के सभी स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ लगी हुई है और यात्रियों को बेहद परेशानी झेलनी पड़ रही है। आज सुबह हुई यह घटना अगर एक घंटे के बाद होती तो भारी मात्रा में जनहानि हो सकती थी। इस घटना की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर फायर ब्रिगेड के जवान पहुंचकर राहत व बचाव कार्य कर रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार यह पुल 1960 में बनाया गया था और जर्जर हालत में था। पुल को सुरक्षा के लिहाज से गर्डर लगाया गया था। इसलिए पुल को लेकर प्रशासन की लापरवाही की भी चर्चा हो रही है। सुबह के समय पश्चिम रेल की सेवा अचानक बंद हो जाने से यहां सड़क मार्ग पर भी भारी भीड़ देखी जा रही है। 

Related Articles

Back to top button
Close