Home Sliderखबरेविदेश

एक अरब डॉलर दे कैद से आज़ाद हुए सउदी प्रिंस मितब बिन अब्दुल्ला

रियाद, 29 नवम्बर (हि.स.)। भ्रष्टाचार के आरोपों में करीब तीन सप्ताह से अधिक समय से कैद सऊदी अरब प्रिंस मितब बिन अब्दुल्ला को मंगलवार को रिहा कर दिया गया। यह जानकारी बुधवार को मीडिया रिपोर्ट से मिली।

रिपोर्ट के अनुसार, कभी राज सिंहासन के दावेदार के रूप में देखे जाने वाले प्रिंस मितब को एक अरब डॉलर से भी अधिक भुगतान करने पर राज़ी होने के बाद रिहा किया गया है। वह उन 200 राजनीतिक और व्यावसायिक लोगों में शामिल थे जिन्हें 4 नवंबर को भ्रष्टाचार विरोधी छापे के दौरान पकड़ा गया था।

सऊदी अरब के एक अधिकारी ने समाचार एजेंसी एएफपी को बताया, ” हां, प्रिंस मितब को आज (मंगलवार) सुबह रिहा कर दिया गया है।”

विदित हो कि सऊदी अरब नेशनल गार्ड्स के प्रमुख रह चुके प्रिंस मितब, क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के चचेरे भाई हैं। वह भ्रष्टाचार की कार्रवाई में गिरफ्तार किए गए लोगों में राजनीतिक रूप से सबसे अधिक प्रभावशाली शाही व्यक्ति थे।

64 वर्षीय मितब पूर्व किंग अब्दुल्लाह के बेटे हैं और इस परिवार से बड़े पद पर रहने वाले इकलौते सदस्य हैं। इस गिरफ्तारी से पहले उन्हें उनके पद से हटा दिया गया था।

भ्रष्टाचार के आरोप में इस महीने के शुरुआत में प्रिंस, मंत्री और शीर्ष व्यवसायियों को गिरफ़्तार कर लक्जरी होटल में रखा गया था। अधिकारियों ने उनका निजी विमान और उनकी संपत्ति जब्त कर ली थी।

क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान को अपने पिता 81 वर्षीय किंग सलमान का समर्थन प्राप्त है और उन्होंने इस बात पर जोर दिया है कि देश को सुधार की जरूरत है। वह भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ अभियान चला रहे हैं। इसके लिए उन्होंने कुछ बड़े लोगों पर अपनी नज़रें टिका ली हैं।

उल्लेखनीय है कि आम लोग भ्रष्टाचार से निपटने के इस मुहिम का स्वागत कर रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि देश की कुछ संपत्ति आम लोगों में फ़िर से बांटी जाएगी।

Related Articles

Back to top button
Close