Home Sliderखबरेमहाराष्ट्रमुंबईराज्य

मुंबई में महाराष्ट्र बंद का संमिश्र प्रतिसाद, लोकल, बस सेवा रोकने का प्रयास

मुंबई, 03 जनवरी (हि.स.)। पुणे में भीमा -कोरेगांव में हुई हिंसक घटना की वजह से आज आयोजित महाराष्ट्र बंद का संमिश्र प्रतिसाद मुंबई सहित पूरे राज्य में देखा जा रहा है। इस घटना का तीव्र निषेध करते हुए आंदोलनकारियों ने वरली, गोवंडी, कांदिवली , चांदिवली , गोरेगांव , मीरा रोड , भाईंदर, विरार, वसई, कांजुरमार्ग, घाटकोपर आदि इलाकों में रास्ता रोको व रेल रोको का प्रयास किया है। इससे घड़ी के कांटे पर चलने वाली मुंबई की रफ्तार कुछ थमती दिख रही है। हालांकि मुंबई अपनी आदत के मुताबिक बाधाओं के बावजूद अपनी रफ्तार कायम रखने का भी प्रयास करती भी दिख रही है। यही वजह है कि विरोध के बावजूद कामकाजी लोग विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर काम पर जाने अथवा लौटने की प्रतीक्षा करते देखे जा रहे हैं। उधर पुलिस ने भी इस घटना पर चौकस नजर रखते हुए हर जगह सक्रिय रहकर आंदोलनकारियों को समझाने का काम कर रहे हैं, इससे अब तक कहीं भी किसी तरह की जनहानि अथवा किसी के घायल होने की खबर नहीं मिली है। 

मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को भीमा – कोरेगांव में हुई हिंसा की प्रतिक्रिया स्वरुप भारिप बहुजन महासंघ के अध्यक्ष प्रकाश आंबेडकर व अन्य संगठनों तथा वामपंथी दलों ने आज बुधवार को महाराष्ट्र बंद का आयोजन किया है। इस आंदोलन को लगभग गैर भाजपा शिवसेना दलों का सीधे अथवा परोक्ष समर्थन प्राप्त होने की वजह से आज सुबह से ही आंदोलन का असर देखा जा रहा है। आंदोलन कारियों ने गोवंडी में आज फिर से रेल रोको आंदोलन किया है , इससे हार्बर लोकल रेल सेवा आज तीसरे दिन भी प्रभावित हुई है। लगातार तीसरे दिन यहां रेल सेवा प्रभावित होने की वजह से यात्रियों और स्थानीय नागरिकों में रोष भी देखा जा रहा है। इसी प्रकार आंदोलन कारियों ने घाटकोपर में मेट्रो रेलवे भी रोका। हालांकि बाद में यह सेवा फिर से शुरु हो सकी है। बाद में आंदोलन कारियों ने कांजुरमार्ग में भी रेलवे रोका। इससे मध्य रेलवे सेवा पूरी तरह बाधित हो गई थी। आंदोलन कारियों ने वसई स्टेशन , विरार रेलवे स्टेशन व गोरेगांव स्टेशन पर भी रेलवे को रोका गया , इससे पश्चिम रेलवे की सेवा भी बाधित हुई है।

आंदोलनकारियों ने चेंबूर , रमाबाई नगर और वरली नाका पर भी रास्ता रोको आंदोलन किया है। इससे इन इलाकों में तनाव की स्थिति बनी हुई है। काशी मीरा इलाके में आंदोलनकारियों द्वारा पथराव किए जाने की खबर मिली है। इसी प्रकार आज स्कूल व कालेज शुरु रखे गए हैं, लेकिन स्कूल बस संगठनों ने आज बस बंद रखा है, इसका विपरीत असर छात्रों पर पड़ा है। स्कूलों में छात्रों की उपस्थिति नगण्य देखी गई है। मुंबई के जैसे ही स्थिति महाराष्ट्र के अन्य जिलों में भी देखी गई है। पुणे में भी आंदोलन कारियों ने बंद करवाने का प्रयास किया है , जिससे यहां एसटी बस सेवा पूरी तरह ठप हैं। इसकी वजह से यहां लोगों को बेहद दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसी तरह की स्थिति अहमदनगर , नाशिक व अन्य जिलों में है। औरंगा बाद में बंद को नाकाम करने के लिए बड़े पैमाने पर पुलिस इंतजाम किया गया है। यहां इंटरनेट सेवा भी बंद कर दी गई है। बतादें कि महाराष्ट्र बंद को देखते हुए एसटी बस सेवा पूरी तरह ठप कर दी गई है। 

Related Articles

Back to top button
Close