उत्तर प्रदेशखबरेराज्य

राज्यपाल से मिले ब्रिटेन के उच्चायुक्त, उद्योग एवं कृषि पर हुई चर्चा

लखनऊ, 30 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने मंगलवार को भारत में ब्रिटेन के उच्चायुक्त सर डोमेनिक अस्क्विथ ने शिष्टाचार भेंट की। राज्यपाल ने प्रदेश के संदर्भ में बात करते हुये कहा कि यहां पर औद्योगिक विकास की अपार संभावनाएं हैं। केवल तीन देश चीन, अमेरिका एवं इण्डोनेशिया ही आबादी की दृष्टि से उत्तर प्रदेश से बड़े हैं। बड़ी आबादी के कारण उद्योग धंधों को शिक्षित एवं कुशल मानव संसाधन आसानी से उपलब्ध हो सकते हैं। राज्य सरकार ने यहां पर निवेश बढ़ाने की दृष्टि से 21-22 फरवरी, 2018 को इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा एवं सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में निवेश प्रदेश को और भी आगे बढ़ा सकता है। 

नाईक ने कहा कि उत्तर प्रदेश मूलतः कृषि प्रधान प्रदेश है, जहां अनेक प्रकार की फसल होती हैं। भौगोलिक विविधता के आधार पर अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग कृषि उत्पाद की संभावना है। अनेक नदियों के कारण सिंचाई के संसाधन भी उपलब्ध है। केन्द्र एवं राज्य सरकार के आपसी समन्वय से किसानों के लिये अनेक महत्वपूर्ण योजनायें लागू की गयी हैं। कृषि के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर नये शोधों एवं अनुसंधानों को भारत में कैसे उपयोग किया जा सकता है, इस पर विचार करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन कृषि के क्षेत्र में भी उत्तर प्रदेश में निवेश कर सकता है। राज्यपाल ने उच्चायुक्त सर डोमेनिक अस्क्विथ को पुस्तक ‘चरैवेति! चरैवेति!!’ तथा ‘बर्ड्स आफ राजभवन’ की प्रतियां भी भेंट की।

Related Articles

Back to top button
Close