Home Sliderखबरेदेशनई दिल्लीविदेश

‘’रूपकी रानी’’ श्रीदेवी का दिल का दौरा पड़ने से दुबई में निधन, बॉलीवुड में दौड़ी शोक की लहर

नई दिल्ली,25 फ़रवरी : बॉलीवुड की चुलबुली व रूप की रानी कही जाने वाली हीरोइन श्रीदेवी का शनिवार देर रात दुबई में निधन हो गया। वह 54 साल की थीं। जानकारी के अनुसार श्रीदेवी एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए दुबई गई थीं जहां हार्ट अटैक के कारण उनकी मौत हो गई।

श्रीदेवी अपने पति बोनी कपूर और छोटी बेटी खुशी कपूर के साथ इस शादी में शामिल होने के लिए दुबई गई थीं। श्रीदेवी की मौत की खबर मिलने के बाद बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई है। निधन की सूचना मिलते ही कई कलाकार मुंबई में श्रीदेवी के घर पहुंचे। श्रीदेवी ने हिन्दी के साथ तेलगु, तमिल, कन्नड़ और मलयाली फिल्मों में भी काम किया है। श्रीदेवी का जन्म 13 अगस्त 1963 को तमिलनाडु के शिवकाशी में हुआ था।

चार साल की उम्र में करियर की शुरुआत

बॉलीवुड अभिनेत्री श्रीदेवी ने चार साल की उम्र से ही फिल्मों में काम करना शुरू कर दिया था। उनके करियर की शुरुआत चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में हुई थी। चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में उन्होंने सबसे पहले फिल्म थुनिवान में काम किया था। श्रीदेवी को 1971 में आई मलयालम फिल्म पूमबत्ता के लिए केरला स्टेट फिल्म अवार्ड से भी सम्मानित किया गया था। करियर की शुरुआत में उन्होंने कई तमिल-तेलगु और मलायलम फिल्मों में काम किया, जिसके लिए उन्हें कई अवार्ड भी मिले। बॉलीवुड में श्रीदेवी ने 1979 में फिल्म सोलवा सावन से अपने करियर की शुरुआत की। लेकिन उन्हें पहचान 1983 में आई फिल्म हिम्मतवाला से मिली। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेता जितेंद्र ने काम किया। यह फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हुई। इसके बाद श्रीदेवी ने जितेंद्र के साथ कई फिल्मों में काम किया।

2013 में मिला पद्मश्री सम्मान

बॉलीवुड अभिनेत्री श्रीदेवी को उनके फिल्मी करियर में कई सम्मानों से नवाजा गया। उन्हें तीन बार फिल्मफेयर अवार्ड से भी नवाजा गया। 2013 में भारत सरकार ने उन्हें फिल्मों में योगदान के लिए पद्मश्री सम्मान से भी नवाजा। श्री देवी की 1996 में बॉलीवुड के जाने माने डायरेक्टर बोनी कपूर से शादी की। इनकी दो बेटियां भी हैं।

आगे पढ़े : नीरव मोदी की 523.72 करोड़ की संपत्ति जब्त,कार्रवाई जारी

Related Articles

Back to top button
Close