Home Sliderदेशनई दिल्ली

रेलवे ने पश्चिमी ओडिशा को दी राजधानी की सौगात

भुवनेश्वर राजधानी अब झारसुगुड़ा से गुजरेगी, धर्मेंद्र प्रधान, मनोज सिन्हा ने दिखाई हरी झंडी

नई दिल्ली, 10 फरवरी (हि.स.)। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने शनिवार को रेल भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भुवनेश्वर-नई दिल्ली-भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सप्ताह में एक दिन चलने वाली यह ट्रेन ओडिशा के झारसुगुड़ा से होकर गुजरेगी।

इस मौके पर रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने कहा कि भुवनेश्वर राजधानी को संभलपुर सिटी, झारसुगुड़ा एंव राउरकेला से जोड़ने की पश्चिमी ओडिशा के लोगों की लम्बे समय से मांग थी। उन्होंने कहा कि अंगुल, संभलपुर, झारसुगुडा और राउरकेला को इस सेवा से काफी लाभ होगा।
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि नए रेल मार्ग से पश्चिमी ओडिशा के लोगों को सुविधा होगी और उनके लिए संपर्क आसान होगा।

नई दिल्ली से भुवनेश्वर के बीच चलने वाली रेलगाड़ी संख्या 20817/20818 अब सप्ताह में एक दिन झारसुगुडा से होकर चलेगी। रेलगाड़ी संख्या 20817 भुवनेश्वर-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस 10 फरवरी से प्रत्येक शनिवार को प्रात: 07:10 बजे भुवनेश्वर से रवाना होगी और 10:40 पर नई दिल्ली पहुंचेगी। अगले दिन वापसी दिशा में रेलगाड़ी संख्या 20818 नई दिल्ली-भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस 11 फरवरी से प्रत्येक रविवार को शाम को 05:05 बजे नई दिल्ली से रवाना होगी और 08:35 बजे भुवनेश्वर पहुंचेगी। 

रास्ते में यह ट्रेन दोनों दिशाओं में कटक, अंगुल, संभलपुर शहर, झारसुगुडा, राउरकेला, चकरधरपुर, अनारा और एनएससी गोमोह स्टेशनों पर ठहरेगी।

Related Articles

Back to top button
Close