Home Sliderदेशनई दिल्ली

रोहिंग्या समस्या कोई षड्यंत्र तो नहीं, इसकी जांच जरूरी: भैयाजी जोशी

भोपाल, 14 अक्टूबर (हि.स.)। रोहिंग्या समस्या एक गंभीर विषय है। इसकी जांच होनी चाहिए कि कहीं ये किसी षड्यंत्र के अंतर्गत तो हमारे देश में नहीं आ रहे। यह बात शारदा विहार में चल रही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकारी मंडल की बैठक के तीसरे और अंतिम दिन सर कार्यवाह सुरेश भैयाजी जोशी ने मीडिया से चर्चा के दौरान कही। 

संघ के कार्यकारी मंडल की बैठक के अंतिम दिन शनिवार को सर कार्यवाह भैयाजी जोशी ने कई सामयिक विषयों पर मीडिया से चर्चा की। रोहिंग्या मुसलमानों के भारत में आने पर उन्होंने कहा कि हमारी परंपरा अतिथियों का स्वागत करने की है, किसी को ठुकराने की नहीं, लेकिन ये एक गंभीर विषय है। हमें यह जानना जरूरी है कि जहां से रोहिंग्या मुसलमान आ रहे हैं, उससे लगे हुए कई देश हैं। फिर ये लोग भारत ही क्यों आ रहे हैं? हमें यह भी देखना होगा कि इनका भारत में आना किसी षड्यंत्र का हिस्सा तो नहीं है। 

उन्होंने कहा कि जो लोग रोहिंग्या मुसलमानों का समर्थन कर रहे हैं, हमें उनकी पृष्ठभूमि की भी पड़ताल करनी होगी। हमें यह ध्यान रखना होगा कि रोहिंग्या मुसलमान देश में नियम-कायदों के तहत ही आएं और यदि ये किसी भी तरह अशांति पैदा करते हैं, तो इन्हें देश के लिए खतरे के रूप में ही देखा जाना चाहिए। संघ की कार्ययोजना के बारे में उन्होंने कहा कि संघ की दो-तिहाई शाखाएं ग्रामीण क्षेत्र में हैं, इसलिए आने वाले समय में ग्रामीण क्षेत्रों में ज्यादा फोकस करेंगे। शाखाओं के साथ साथ दूसरे कार्यो पर भी गांवों में संघ ध्यान देगा। गांवों में जैविक कृषि के क्षेत्र में काम किया जाएगा| 

Related Articles

Back to top button
Close