उत्तर प्रदेशखबरेराज्य

श्रीराम मंदिर निर्माण को हिन्दू नववर्ष से शुरू होंगे श्रीराम महोत्सव

लखनऊ, 05 मार्च (हि.स.)। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि स्थल पर भव्य राममंदिर निर्माण के लिए चैत्र शुक्ल प्रतिपदा 18 मार्च से देशभर में विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) द्वारा श्रीराम महोत्सव की शुरूआत की जायेगी। इसके अलावा वर्ष प्रतिपदा (हिन्दू नववर्ष) से विजय महामंत्र का जाप भी देशवासी शुरू करेंगे। विहिप ने विजय महामंत्र ‘‘श्रीराम जय राम जय जय राम’ का जाप करने के लिए देश के समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं का आह्वान किया है। विजय महामंत्र का जाप 18 मार्च से शुरू होकर 31 मार्च हनुमान जयंती तक चलेगा।

विहिप के प्रान्त संगठन मंत्री भोलेन्द्र ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि विजय महामंत्र के जाप से जो शक्ति अर्जित होगी। वह शक्ति अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि हिन्दुओं के अलावा अन्य धर्मां व मजहब के लोग जो अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण चाहते हैं वह भी अपने-अपने आराध्य का नाम लेकर जाप कर सकते हैं।

विहिप के आह्वान पर देश भर के संतों ने निर्णय लिया था कि नवसंवतसर 18 मार्च हनुमान जयंती 31 मार्च तक’’ विजय महामंत्र “श्रीराम, जय राम, जय जय राम’ का जाप प्रत्येक हिन्दू करेगा।

विहिप के प्रान्त संगठन मंत्री भोलेन्द्र ने कहा 2018 में ही हर हाल में अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण प्रारम्भ हो जायेगा। इसलिए रामकाज से सबको जोड़ना विहिप का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि 10 हजार समितियां बन गयी हैं। संगठन की पूरी तैयारी है। संत समाज का आदेश मिलते ही विहिप अपना कार्य शुरू कर देगी।

विहिप प्रान्त संगठन मंत्री ने बताया कि प्रयाग में हुये संत सम्मेलन में भी निर्णय हुआ कि 18 मार्च से हनुमान जयंती 31 मार्च तक देश के लाखों स्थानों पर एक निश्चित तिथि पर निश्चित समय पर श्रीराम महोत्सव का आयोजन किया जायेगा। वहीं 31 मार्च को सम्पूर्ण देश के सम्पूर्ण देवालयों पर घण्टा घड़ियाल के साथ महाआरती होगी। महाआरती में सम्पूर्ण नर नारी परिवार समेत आरती में शामिल होंगे। आरती में शामिल सम्पूर्ण परिवार अपने-अपने घर से आरती का थाल सजाकर मंदिर पर लायेगा और सामूहिक आरती होगी।

इस दौरान शोभायात्रायें, श्रीराम चरित्र मानसपाठ तथा संत धर्माचार्यों का प्रवचन भी होगा। इस बार सभी पंथो को भी इस धार्मिक महोत्सव से उनकी पूजा पद्धति जोड़कर इसे व्यापक गति दी जायेगी। सम्पूर्ण देश भर यह धार्मिक अनुष्ठान हिन्दू समाज को जहां आत्मबल से परिपूर्ण कर देगा वहीं समाज में सामाजिक समरसता भी आयेगी। देशभर में श्रीराम महोत्सव के आयोजन की तैयारियां प्रारंभ हो गयी हैं। 

Related Articles

Back to top button
Close