उत्तराखंडखबरेराज्य

सीमावर्ती क्षेत्रों से पलायन के कारण सीमा असुरक्षित: युद्धवीर सिंह

ऋषिकेश, 17 फरवरी (हि.स.)। वर्तमान समय में सीमावर्ती क्षेत्रों से लगातार हो रहे पलायन के कारण हमारी सीमा असुरक्षित हो रही है। इसके कारण सीमा पर आज चुनौती बढ़ रही है। इसके समाधान के लिए हमें संगठित अभियान चलाने की आवश्यकता है। 

ऋषिकेश में शनिवार को आयोजित सीमा जागरण मंच की अखिल भारतीय नेपाल बॉर्डर की दो दिवसीय बैठक के दौरान मुख्य वक्ता के रूप में उत्तराखंड के प्रांत प्रचारक युद्धवीर ने यह विचार व्यक्त किए। 

सीमावर्ती क्षेत्रों से आए लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का अभाव है जिसमें शुद्ध जल, चिकित्सा, परिवहन और संचार साधनों का अभाव देखा जा रहा है। इसी के साथ जनसंख्या संतुलन के साथ घुसपैठ, अलगाववाद, आतंकवाद धर्मांतरण जैसी समस्याएं भी विकट होती जा रही है।

प्रांत प्रचारक ने कहा कि राष्ट्र विरोधी गतिविधियां संचालित हो रही है जिसमें मानव गो धन, जाली मुद्रा, घातक हथियार उत्तराखंड सीमावर्ती क्षेत्र से जड़ी बूटियों एवं बहुमूल्य पदार्थों की तस्करी हो रही है, जिसे रोका जाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इसका बहुत बड़ा कारण सीमावर्ती क्षेत्रों में रह रहे लोगों के साथ संपर्कों का अभाव भी है। 

उनका कहना था कि कुछ स्थानों पर वोट बैंक की राजनीति के कारण अवैध गतिविधियों में लिप्त संगठनों का खड़ा होना भी देश के लिए घातक सिद्ध हो रहा है। सीमा जागरण मंच की अखिल भारतीय नेपाल बॉर्डर की बैठक के प्रथम दिन 5 सत्र आयोजित किए गए। इसमें अवध, गोरक्ष बंगाल सिक्किम तथा उत्तराखंड राज्य से बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
Close